गुजरात के कच्छ में दर्दनाक सड़क हादसा, सेना के जवानों के परिवारों के 7 सदस्यों की मौत; तीन बच्चे भी शामिल

कच्छ (राजीव शर्मा): गुजरात के कच्छ जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे। कच्छ पश्चिम पुलिस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी ने रविवार को घटना की जानकारी दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महीने की एक बच्ची भी शामिल थी। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उसके अंदर फंसे शवों को निकालने में बचाव दल को कई घंटे लग गए।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से संबंधित थे।

मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्छ हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *