चंडीगढ़(नवल किशोर):राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत किशोर स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा हेतु राज्य समन्वय समिति की बैठक आज यूटी सचिवालय, चंडीगढ़ के समिति कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य सचिव, यू.टी. चंडीगढ़, श्री मंदीप सिंह बराड़, आईएएस ने की।
बैठक में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (NDD), राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK), स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम (SHWP), एनीमिया मुक्त भारत (AMB) तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त, यू.टी. चंडीगढ़; निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं-सह-प्रबंध निदेशक, एनएचएम; परियोजना निदेशक, राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी; निदेशक स्कूल शिक्षा; पीजीआईएमईआर के सामुदायिक चिकित्सा एवं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ विभाग तथा सोशल पीडियाट्रिक्स विभाग, एडवांस्ड पीडियाट्रिक सेंटर के प्रतिनिधियों सहित सामाजिक कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की उपलब्धियों एवं कवरेज की समीक्षा की। कार्यक्रम अधिकारी, आरबीएसके द्वारा कार्यक्रमों की प्रगति एवं गतिविधियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
स्वास्थ्य सचिव ने किशोरों में विभिन्न रोगों के भार की भी समीक्षा की तथा जागरूकता एवं रोकथाम संबंधी गतिविधियों को और सुदृढ़ करने पर बल दिया। उन्होंने पीयर एजुकेटर कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल नोडल शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि किशोरों तक बेहतर पहुंच एवं सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के बेहतर परिणामों हेतु उन्होंने विद्यालयों में आयरन एवं फोलिक एसिड की खुराक के सेवन के लिए एक निर्धारित दिन एवं समय तय करने का भी सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के सहयोग से मृदा जनित कृमि संक्रमण (STH) पर एक सर्वेक्षण करवाने के निर्देश दिए।
बैठक का समापन विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा एनएचएम कार्यक्रमों के अंतर्गत बच्चों एवं किशोरों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने पर बल देते हुए किया गया।
