स्वास्थ्य सचिव ने राज्य गुणवत्ता आश्वासन समिति (SQAC) की बैठक की अध्यक्षता की

चंडीगढ़(नवल किशोर):चंडीगढ़ प्रशासन के स्वास्थ्य सचिव श्री मंदीप सिंह बराड़ की अध्यक्षता में राज्य गुणवत्ता आश्वासन समिति (SQAC) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता प्रमाणन की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में यू.टी. चंडीगढ़ के उपायुक्त श्री निशांत कुमार यादव, स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक-सह-एमडी एनएचएम डॉ. सुमन सिंह, डायरेक्टर प्रिंसिपल जीएमसीएच-32 डॉ. रवनीत कौर, विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों, इंजीनियरिंग विभाग के प्रतिनिधियों तथा अन्य समिति सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने पांच स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करने की उपलब्धि की समीक्षा की, जिनमें जिला अस्पताल, जीएमएसएच-16 ने 96.29% अंक प्राप्त किए। उन्होंने 11 स्वास्थ्य संस्थानों को राज्य गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त होने की भी समीक्षा की और इसे चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि वर्तमान अंक उत्साहवर्धक हैं, लेकिन यू.टी. चंडीगढ़ के सभी सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय मान्यता दिलाना अंतिम लक्ष्य है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए उन्होंने संबंधित विभागों को मौजूदा बुनियादी ढांचे एवं सेवाओं की कमियों को दूर करने हेतु समयबद्ध कार्ययोजनाएं तैयार कर उन्हें लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग को भी राज्य गुणवत्ता प्रकोष्ठ के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक इंजीनियरिंग कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी बुनियादी ढांचा संबंधी आवश्यकताएं पूरी की जा सकें।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *