गुरुग्राम में लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को टक्कर मारने के चर्चित मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। बुधवार को पुलिस आयुक्त शिवास कविराज के निर्देश पर एसआईटी (स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम) का गठन किया गया है। एसीपी सीएडब्ल्यू (क्राइम अगेंस्ट वीमेन) सुशीला देवी की अगुवाई में ये एसआईटी पूरे मामले की जांच करेगी। एसीपी के अलावा इस टीम में सेक्टर-56 थाना एसएचओ इंस्पेक्टर मनोज यादव, सीआईए सोहना इंचार्ज एसआई विनय व दो एएसआई को शामिल किया गया है।
वहीं कोर्ट ने कल्याण बैंसला और उसके साथ कार में मौजूद लवनीश को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने उन्हें निधि बेनिवाल की कोर्ट में पेश किया था।
जहां पुलिस ने सीन रीक्रिएट करने के लिए 2 दिन की रिमांड मांगी थी। इसके बाद कोर्ट ने रिमांड की मंजूरी दे दी। वहीं, बचाव पक्ष के वकील ललित बिंदल ने दलील दी कि कल्याण 24 घंटे से पुलिस कस्टडी में है। उस दौरान भी सीन रीक्रिएट करना चाहिए था।
मंगलवार को कल्याण ने पुलिस से भागने की कोशिश की थी। इस दौरान गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई। मंगलवार रात मीडिया से बातचीत में सिया ने कहा, “मैंने कल्याण का इंटरव्यू सुना। उनके फॉलोअर्स कह रहे हैं कि मैं विक्टिम कार्ड खेल रही हूं और ये सब फॉलोअर्स के लिए कर रही हूं। मैं पढ़ी-लिखी हूं, फिर भी मुझसे कहा जा रहा है कि आपको जानता ही कौन है।”
सिया ने आगे कहा- “2022 में मैंने दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम का चुनाव लड़ा था। मैं सबसे युवा उम्मीदवार थी। मुझे दिल्ली में सब जानते हैं। घटना के बाद मैं अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहती थी, लेकिन अब हो गई है। मैं अपनी चीजों के लिए स्ट्रॉन्गली स्टैंड लूंगी। मुझे फर्क नहीं पड़ता कि उनके फॉलोअर्स क्या कह रहे हैं। उनकी मेंटेलिटी ही खराब है।”

गुरुग्राम पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। मीडिया से बात करती लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया।
घुटनों में चोट के कारण एक्स-रे करवाया
सिया ने कहा, “मेरे साथ जो भी हुआ, मैंने कोर्ट में सब बताया है। कैसे मुझे मारने की कोशिश की गई और मेरी मौत भी हो सकती थी। मैंने रिक्वेस्ट की है कि इस केस में स्ट्रिक्ट एक्शन होना चाहिए। आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। तीन दिन बाद अगर किसी ने उनकी बेल करा दी तो इसे स्ट्रिक्ट एक्शन नहीं कहा जाएगा।
गाड़ी में दो लोग और थे, उन्हें भी अरेस्ट किया जाए। कोई उतरकर नीचे नहीं आया। इन्हें सजा मिलनी चाहिए। सजा नहीं मिली तो आगे भी ऐसे केस होंगे। मुझे कुछ चोटें आई हैं। इसके लिए मैंने घुटनों का एक्स-रे करवाया है।”

कल्याण बैंसला पलवल का रहने वाला है। उसने जिम खोली हुई है।-फाइल
DCP बोले- पीछा करने और अश्लील इशारे की धारा भी लगाई
DCP ईस्ट संदीप कुमार ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं। लवनीश घटना के दौरान कल्याण के साथ कार में मौजूद था। शिकायतकर्ता ने बताया कि कार से उस पर कमेंट भी किए गए थे। इसे लेकर केस में BNS की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 79 (अश्लील इशारे करना) भी लगाई गई हैं। इसके अलावा हत्या की कोशिश की धारा 109 भी जोड़ी गई है।
सेफ्टी गियर की वजह से युवती की जान बच गई। घटना के बाद आरोपी अपने घर पर था। उसका वीडियो वायरल होने के बाद उसने मीडिया को इंटरव्यू दिया। पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर वह वहां से भाग निकला।
