लुधियाना में नकली PUMA फैक्ट्री पर रेड: नामी कंपनियों के लेबल लगाकर करते थे सप्लाई; 1200 लेबल सहित बड़ी संख्या में जैकेट जब्त

लुधियाना के टिब्बा रोड में शुक्रवार को पायरेसी टीम ने एक फैक्ट्री में PUMA कंपनी के नाम से कथित तौर पर नकली माल तैयार किए जाने की सूचना पर रेड की। इस दौरान शिमलापुरी पुलिस भी मौके पर पहुंची। फैक्ट्री से बड़ी संख्या में जैकेट और PUMA के लेबल बरामद होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई करीब 2 से ढाई घंटे तक चली। इस दौरान फैक्ट्री में मौजूद सामान की जांच की गई। इस दौरान करीब 1200 लेबल बरामद होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा बड़ी संख्या में जैकेट भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

माल की चेकिंग करते अधिकारी।

माल की चेकिंग करते अधिकारी।

गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची टीम

कार्रवाई के संबंध में रेड टीम में शामिल रिंकल बेदी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि टिब्बा रोड स्थित फैक्ट्री में बड़े स्तर पर कथित तौर पर नकली माल तैयार किया जा रहा है।

सूचना के बाद पुलिस को साथ लेकर फैक्ट्री में पहुंचकर जांच की गई। इस दौरान काफी मात्रा में माल और लेबल बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

ग्राहकों के साथ भी धोखा होने की आशंका

उन्होंने कहा कि कुछ लोग घटिया क्वालिटी का माल तैयार कर नामी कंपनियों के लेबल लगाकर उसे कम कीमत पर बाजार में सप्लाई करते हैं। इससे कंपनियों की साख प्रभावित होती है और ग्राहकों के साथ भी धोखा होने की आशंका रहती है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी यदि किसी फैक्ट्री में इस तरह कथित तौर पर नकली माल तैयार किया जाता पाया गया तो उसके खिलाफ इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। मौके पर सब इंस्पेक्टर बलवीर सिंह पहुंचे। पुलिस मामले में बरामद सामान की जांच के साथ आगे की कार्रवाई कर रही है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *