झारखंड में नाबालिग से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, चाचा की हत्या, माता-पिता घायल

झारखंड(राजीव शर्मा): झारखंड के पलामू में नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश का विरोध करने पर एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसकी बहन और बहनोई घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार को पलामू जिले के बंदुआ गांव में हुई। आरोप है कि नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश की गई थी। लड़की ने घर पहुंचकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।

इसके बाद लड़की के माता-पिता और चाचा आरोपियों से बात करने पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसमें आरोपियों ने लड़की की मां और चाचा पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि उसके पिता को गोली मार दी।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि तीनों घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान लड़की के चाचा की मौत हो गई।

लड़की के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने 19 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से नौ को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *