प्रो. टंकेश्वर कुमार बने पंजाब यूनिवर्सिटी के नए कुलपति, 3 साल के लिए हुई नियुक्ति

चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) को नया कुलपति मिल गया है। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के मौजूदा कुलपति प्रो. (डॉ.) टंकेश्वर कुमार को पंजाब यूनिवर्सिटी का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने सोमवार, 9 नवंबर को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की।

पंजाब यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति एवं उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पंजाब यूनिवर्सिटी अधिनियम, 1947 की धारा 10 के तहत यह नियुक्ति की है। अधिसूचना के अनुसार, प्रो. टंकेश्वर कुमार का तीन साल का कार्यकाल पद का कार्यभार संभालने की तारीख से शुरू होगा। नियुक्ति संबंधी अधिसूचना पर उपराष्ट्रपति के सचिव और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के सचिव अमित खरे के हस्ताक्षर हैं।

इस नियुक्ति के साथ ही विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति की प्रतीक्षा समाप्त हो गई है। पूर्व कुलपति प्रो. रेनू विग का कार्यकाल 28 जुलाई 2026 को समाप्त हुआ था। इसके बाद डीन यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन प्रो. मीनाक्षी गोयल को 29 जुलाई से कार्यवाहक कुलपति की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह अब तक यह दायित्व संभाल रही थीं।

प्रो. टंकेश्वर कुमार का पंजाब यूनिवर्सिटी से पहले भी गहरा शैक्षणिक जुड़ाव रहा है। वह यहां भौतिकी विभाग में यूजीसी प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई की, जबकि भौतिकी में एमएससी और पीएचडी पंजाब यूनिवर्सिटी से पूरी की। उन्होंने इटली के ट्रिएस्टे स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर थियोरेटिकल फिजिक्स में पोस्ट-डॉक्टोरल शोध भी किया।

प्रो. कुमार ने अपने करियर की शुरुआत पंजाब यूनिवर्सिटी में रिसर्च एसोसिएट के रूप में की थी। बाद में उन्होंने यहां भौतिकी विभाग में अध्यापन किया और कंप्यूटर सेंटर के निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाली। वर्ष 2015 में उन्हें गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार का कुलपति नियुक्त किया गया था। इसके बाद वह हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, महेंद्रगढ़ के कुलपति बने।

उनकी नियुक्ति की प्रतियां केंद्रीय गृह मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, पंजाब सरकार के मुख्य सचिव, चंडीगढ़ प्रशासन के सलाहकार, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और पंजाब यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *