शादी के 5 महीने बाद विवाहिता की मौत, पति और सास गिरफ्तार; पुलिस रिमांड पर भेजे

लुधियाना के डाबा इलाके में शादी के महज पांच महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति और सास को गिरफ्तार किया है। दोनों पर विवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने के आरोप हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतका की पहचान 26 वर्षीय सोनी के रूप में हुई है। उसकी शादी संदीप के साथ हुई थी, जो धिल्लों नगर का रहने वाला है और फैक्ट्री में काम करता है। सोनी की मां चंपा देवी ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसके आधार पर डाबा थाना पुलिस ने पति संदीप और सास सुमन कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।

शिकायतकर्ता चंपा देवी के अनुसार, शादी के करीब तीन महीने बाद ही सोनी ने उन्हें बताया था कि उसका पति और सास कम दहेज लाने को लेकर उसे परेशान करते हैं। मां ने आरोप लगाया कि दोनों उसके साथ मारपीट भी करते थे। इतना ही नहीं, सोनी पर चोरी करने के आरोप भी लगाए जाते थे। चंपा देवी ने बताया कि उन्होंने बेटी को घर-परिवार में तालमेल बनाकर रहने की सलाह दी थी।

शिकायत के मुताबिक, 11 अक्टूबर को भी पति और सास ने सोनी के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी। इसके अगले दिन 12 अक्टूबर को उसने अपने ससुराल में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

डाबा थाने के जांच अधिकारी एएसआई सुरिंदर कुमार ने बताया कि महिला की मां की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *