पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर जारी अंदरूनी खींचतान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा दिल्ली पहुंचकर पार्टी हाईकमान के नेताओं से मुलाकात करने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, बैठक में पंजाब कांग्रेस की मौजूदा स्थिति, संगठन में बदलाव और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की भूमिका सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
बताया जा रहा है कि चन्नी और रंधावा गुट लंबे समय से संगठन में बदलाव की मांग कर रहा है। हाल के दिनों में इस गुट ने अलग बैठकें कर अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी। हालांकि कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी में एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया है और सभी नेताओं से मिलकर विधानसभा चुनाव की तैयारी करने की अपील की है।
इस बीच पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया है कि पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर किसी तरह का अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, सभी नेताओं को उसे स्वीकार करना होगा।
दिल्ली में होने वाली बैठकों को पंजाब कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक दिशा को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल कांग्रेस नेतृत्व अंदरूनी मतभेदों को खत्म कर एकजुट होकर चुनावी तैयारियों पर फोकस करने की कोशिश में जुटा है।
