माय भारत चंडीगढ़ द्वारा राष्ट्रीय स्तरीय वंदे मातरम् शिविर का आयोजन; महापौर सौरभ जोशी उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

चंडीगढ़ (नवल किशोर): युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत चंडीगढ़ द्वारा पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक सात दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय ‘वंदे मातरम् शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान से 125 युवा प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक जागरूकता की भावना को सुदृढ़ करना है।

चंडीगढ़ के महापौर श्री सौरभ जोशी उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। माय भारत चंडीगढ़ के निदेशक श्री शिवधन शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि जिला युवा अधिकारी श्री विनय कुमार ने महापौर को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए महापौर ने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों और विरासत से जुड़े रहने तथा वंदे मातरम् की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और नागरिक जिम्मेदारियों के मूल्यों को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

यह शिविर विभिन्न राज्यों के युवाओं को संवाद, विचारों के आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता के बंधन को मजबूत करने का अवसर प्रदान कर रहा है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *