हरियाणा के रेवाड़ी शहर के हंस नगर इलाके में एक मकान में हुए भीषण विस्फोट से पांच लोग झुलस गए। धमाका इतना तेज था कि घर के दरवाजे और खिड़कियां उखड़ गईं तथा आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय तनु घर में कपड़ों पर इस्त्री कर रही थीं, तभी अचानक आग लगी और कुछ ही क्षण बाद जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में तनु गंभीर रूप से झुलस गईं। उनके पिता सतबीर, परिवार की दो वर्षीय बच्ची खुशी, सीआरपीएफ कर्मी जय भगवान और तनु की मां भी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल तनु को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
परिजनों के मुताबिक, विस्फोट के बाद जब घर की जांच की गई तो एलपीजी सिलेंडर और रेफ्रिजरेटर सुरक्षित मिले, जिससे धमाके की वजह को लेकर रहस्य और गहरा गया है। पुलिस का कहना है कि विस्फोट के वास्तविक कारण का पता फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज बम विस्फोट जैसी थी, जिसे सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट से मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
परिवार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल तनु की शादी इसी वर्ष नवंबर में होने वाली थी। इस घटना से पूरे परिवार में मातम का माहौल है। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के कारणों और आगे की कार्रवाई के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
