नई दिल्ली (राजीव शर्मा):भारतीय नौसेना का स्वदेशी रूप से निर्मित सर्वे पोत (एसवीएल) आईएनएस इक्षक, दक्षिण पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी परिचालन तैनाती के तहत 26 जून 2026 को सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया पहुंचा। यह यात्रा सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह के साथ हुई, जो भारत और सेशेल्स के बीच अटूट समुद्री साझेदारी और दीर्घकालिक मित्रता को रेखांकित करती है।
बंदरगाह पर रुकने के दौरान, आईएनएस इक्षक राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लेगा और समुद्री सहयोग और अंतर-संचालनीयता को बढ़ाने के उद्देश्य से सेशेल्स रक्षा बलों के साथ कई पेशेवर वार्ताओं में शामिल होगा। यह जहाज चिकित्सा शिविरों और आवश्यक आपूर्ति के वितरण सहित सामुदायिक सहायता पहलों को भी अंजाम देगा, जिससे दोनों देशों के बीच सद्भावना और आपसी संबंध और मजबूत होंगे।
इस यात्रा के हिस्से के रूप में, आईएनएस इक्षक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा, जिससे उन्हें भारतीय नौसेना की क्षमताओं और क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा, संरक्षा और सहयोग को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
आईएनएस इक्षक की तैनाती, महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) की परिकल्पना के अनुरूप, मित्र देशों के साथ समुद्री साझेदारी को मजबूत करने और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है ।
