हरियाणा में ₹5,000 न देने पर युवक की चाकू और सूए से हत्या, चाऊमीन खाने घर से निकला था; दो बहनों का इकलौता भाई था मृतक

फरीदाबाद में ₹5,000 देने से इनकार करने पर 21 वर्षीय युवक पर चाकू और सुए से हमला कर दिया गया। युवक घर से चाऊमीन खाने निकला था। तभी रेहड़ी पर मौजूद कुछ युवकों ने अचानक उसपर हमला कर दिया।

युवक को तुरंत लोग पास के अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अब मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं।

SHO विष्णु मित्र के अनुसार, मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी से पूछताछ कर हत्या की वजह का जल्द खुलासा किया जाएगा।

मृतक युवक के पिता का आरोप है पैसे ना देने पर उसके बेटे की हत्या हुई है।

मृतक युवक के पिता का आरोप है पैसे ना देने पर उसके बेटे की हत्या हुई है।

अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला…

  • चाऊमीन खाने गया था, रेहड़ी पर हमला हुआः परिजनों के मुताबिक, 6 अक्टूबर को 21 वर्षीय सतीश घर से बसेलवा कॉलोनी में चाऊमीन खाने निकला था। वह वहां रेहड़ी पर मौजूद था, तभी चारों आरोपी पहुंच गए। बताया गया कि आरोपी अक्सर उसी जगह बैठते थे। आरोप है कि युवराज ने स्कूटी से चाकू निकालकर अरुण को दिया, जबकि तरुण ने सतीश पर हमला करने के लिए कहा।
  • चाकू से कूल्हे-पेट पर वार किएः इसके बाद अरुण ने चाकू से सतीश के दाएं कूल्हे पर वार किया। पेट पर भी वार किए गए। राहुल ने सुए से हमला करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद विनोद ने उसे पकड़ लिया। हमले में सतीश गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया।
  • अस्पताल के बाहर छोड़कर भागे, दिल्ली रेफर करना पड़ाः शिकायत के अनुसार, हमले के बाद युवराज और राहुल घायल सतीश को स्कूटी पर बैठाकर सेक्टर-19 स्थित सर्वोदय अस्पताल ले गए, लेकिन उसे अस्पताल के बाहर छोड़कर फरार हो गए। तरुण और अरुण भी मौके से भाग निकले। सतीश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण कुछ दिन बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां 11 दिन तक इलाज चलने के बाद 17 अक्टूबर की रात उसकी मौत हो गई।
  • ₹5 हजार मांगने को लेकर रंजिश का आरोपः चचेरे भाई सौरभ ने बताया कि सतीश मोटरसाइकिल खरीदने की तैयारी कर रहा था और इसके लिए उसने परिवार से कुछ रुपए लिए थे। इसकी जानकारी अरुण को थी। आरोप है कि अरुण ने सतीश से ₹5,000 मांगे, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर अरुण उससे रंजिश रखने लगा और अपने साथियों के साथ हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस बोली- नशे में हुआ था झगड़ा

ओल्ड थाना एसएचओ विष्णु मित्र के मुताबिक, चारों आरोपियों को घटना के अगले दिन क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार, सतीश और आरोपियों के बीच नशे की हालत में झगड़ा हुआ था, जिसमें सतीश को चाकू मारे गए। SHO ने रुपए के लेन-देन को लेकर हुए विवाद की बात से इनकार किया है।

दो बहनों का इकलौता भाई था सतीश

सतीश मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। उसका परिवार लंबे समय से फरीदाबाद की भूड़ कॉलोनी के न्यू अहिरवाड़ा इलाके में किराए के मकान में रह रहा है। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और दो बहनों का इकलौता भाई था। सतीश घर में सबसे बड़ा था और दोनों बहनों की अभी शादी नहीं हुई है। 18 अक्टूबर को पोस्टमॉर्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *