मुंबई में दिखेगी हरियाणा की औद्योगिक ताकत, निवेश संभावनाओं का होगा बड़ा प्रदर्शन

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 23 व 24 अगस्त को मुंबई में उच्चस्तरीय निवेश संपर्क कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से हरियाणा में निवेश की संभावनाओं को देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों के सामने रखा जाएगा। यह कार्यक्रम अप्रैल 2027 में प्रस्तावित ‘हैपनिंग हरियाणा वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2.0’ की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य हरियाणा में नए निवेश को आकर्षित करना, औद्योगिक विकास को गति देना, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इसके साथ ही यह पहल ’विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को पूरा करने में हरियाणा की भूमिका को और मजबूत करेगी।

प्रवासी हरियाणवियों और उद्योग जगत से होगा संवाद

23 अगस्त को मुख्यमंत्री प्रवासी हरियाणवियों के साथ संवाद और रात्रिभोज कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान हरियाणा की समृद्ध संस्कृति और विकास यात्रा को दर्शाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही ‘विरासत से मैत्रीपूर्ण हरियाणा’ विषय पर ऑडियो-विजुअल प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवासी हरियाणा प्रतिनिधियों और उद्योग जगत के प्रमुख लोगों के साथ संवाद भी होगा।

निवेशकों के साथ सीधा संवाद

24 अगस्त को मुख्यमंत्री निवेशक सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके अलावा निजी इक्विटी और उद्यम पूंजी से जुड़े प्रतिनिधियों तथा प्रमुख उद्योगपतियों के साथ भी बैठकें की जाएंगी। निवेशक सम्मेलन में हरियाणा की निवेश संभावनाओं, सरकार की नीतियों और अप्रैल 2027 में होने वाले ‘हैपनिंग हरियाणा वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2.0’ की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी अपने विचार साझा करेंगे। इस दौरान समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी होगा।

इन क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं होंगी प्रमुख आकर्षण

हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल द्वारा निवेशकों व उद्योगपतियों के समक्ष इलेक्ट्रिक वाहन और मोबिलिटी, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, दवा उद्योग, वैश्विक क्षमता केंद्र और हरित ऊर्जा जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता से रखा जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आसपास स्थित होने के कारण हरियाणा को निवेश के लिए विशेष भौगोलिक लाभ प्राप्त है। प्रदेश का लगभग ’57 प्रतिशत क्षेत्र राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर)’ में आता है। मजबूत सड़क, रेल, हवाई और माल ढुलाई संपर्क व्यवस्था भी राज्य को उद्योगों के लिए आकर्षक बनाती है।

निवेशकों के लिए आसान और तेज व्यवस्था

हरियाणा सरकार निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल एकल खिड़की प्रणाली और विभिन्न क्षेत्रों के लिए नई नीतियों को लागू कर रही है। इससे परियोजनाओं को मंजूरी देने की प्रक्रिया में तेजी आई है जिससे उद्योगों को आसानी से स्थापित करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा औद्योगिक और तकनीकी विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए ‘11 नई क्षेत्रीय नीतियां’ शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा को अब तक ’1.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव’ प्राप्त हो चुके हैं। मुंबई का यह दौरा केवल निवेश आकर्षित करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उद्योगों के साथ लंबे समय की साझेदारी, परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने, नवाचार को बढ़ावा देने और गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर पैदा करने पर भी केंद्रित रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रयास है कि निवेशकों की रुचि को ठोस निवेश प्रस्तावों, रणनीतिक साझेदारियों और बड़े औद्योगिक प्रोजेक्टों में बदला जाए। मुंबई का यह कार्यक्रम अप्रैल 2027 में होने वाले ‘हैपनिंग हरियाणा वैश्विक निवेशक सम्मेलन’ के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *