26-27 नवंबर को आयोजित होगा इंडियन सोसाइटी ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन का 65वां वार्षिक सम्मेलन

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):‘इंडियन सोसाइटी ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन’ (आईएसएएम) वर्ष 1952 में स्थापित देश की एकमात्र पंजीकृत हवाई चिकित्सा संस्था है। यह सोसाइटी जटिल एयरोमेडिकल चुनौतियों के समाधान के लिए ज्ञान के आदान-प्रदान और अग्रणी अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साल 1954 से अपना वार्षिक वैज्ञानिक सम्मेलन आयोजित करती आ रही है। इस वर्ष आईएसएएम अपना 65वां वार्षिक सम्मेलन 26 और 27 नवंबर 2026 को बेंगलुरु स्थित ‘इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोस्पेस मेडिसिन’ (आईएएम) में आयोजित करेगी। भारत में यह सोसाइटी हवाई चिकित्सा गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्वदेशी विमानों के डिजाइन और विकास के साथ-साथ भारत के महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम के लिए चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस वर्ष के सम्मेलन की विषय-वस्तु ‘एक हवाई क्षेत्र–एक मिशन : हवाई पट्टी से अंतरिक्ष की कक्षा तक हवाई चिकित्सा सहायता’ रखी गई है। यह विषय-वस्तु एयरोस्पेस मेडिसिन के ऐसे एकीकृत दृष्टिकोण को दर्शाती है, जो सैन्य विमानन, नागर विमानन और मानव अंतरिक्ष उड़ान को एक-दूसरे से सहज रूप से जोड़ती है। इसमें चिकित्सकीय उत्कृष्टता, परिचालन चिकित्सा और अत्याधुनिक अनुसंधान के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य उड़ान के सभी क्षेत्रों में मानकों में एकरूपता लाना और विभिन्न विषयों के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।

वायु सेना प्रमुख (सीएएस) एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर भारत और अन्य देशों के कई प्रतिष्ठित सैन्य एवं असैन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में लगभग 250 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें सैन्य और नागरिक विमानन क्षेत्रों के चिकित्सा विशेषज्ञ, भारतीय वायुसेना के एयरक्रू, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन तथा एयरोस्पेस उद्योग से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों के प्रख्यात वैज्ञानिक शामिल होंगे।

इस कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ‘एयर मार्शल सुब्रतो मुखर्जी स्मृति व्याख्यान’ होगा, जिसे सीईएमआईएलएसी के मुख्य कार्यकारी श्री एपीवीएस प्रसाद प्रस्तुत करेंगे। वहीं, ‘एयर वाइस मार्शल श्रीनागेश स्मृति व्याख्यान’ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के एयरोस्पेस मेडिसिन संबंधी प्रधान सलाहकार एयर वाइस मार्शल अनुपम अग्रवाल (सेवानिवृत्त) देंगे। इसके अतिरिक्त, ‘जेएचएफ मानेकशॉ पैनल’ में विंग कमांडर सुरेंद्र सोढ़ी (सेवानिवृत्त) और कर्नल केएन राव (सेवानिवृत्त) अपने विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।इस वर्ष एक विशेष पहल के रूप में संस्था ‘अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा व्याख्यान’ नामक एक प्रमुख व्याख्यान श्रृंखला की शुरुआत कर रही है। इसका उद्देश्य विंग कमांडर राकेश शर्मा (सेवानिवृत्त) की गौरवशाली विरासत को सम्मानित करना है। इस आयोजन के माध्यम से दूरदर्शी व अग्रणी विशेषज्ञों को एक मंच पर लाया जाएगा, जहां वे अंतरिक्ष अन्वेषण के भविष्य तथा अंतरिक्ष चिकित्सा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती उपस्थिति पर विचार-विमर्श करेंगे। इस कार्यक्रम का पहला व्याख्यान स्काईरूट एयरोस्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पवन कुमार चंदना प्रस्तुत करेंगे।

वैज्ञानिक कार्यक्रम में पैनल, संगोष्ठियों, मंचों और पोस्टर सत्रों के माध्यम से 100 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इन चर्चाओं के साथ-साथ, एक वैज्ञानिक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें अत्याधुनिक हवाई चिकित्सा उपकरण और जैव चिकित्सा डिवाइस प्रदर्शित किए जाएंगे। यह सम्मेलन विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक मंच का काम करेगा, जो विषय विशेषज्ञों को एक साथ आने और एयरोस्पेस मेडिसिन के क्षेत्र में प्रगति के लिए मिलकर काम करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगा।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *