चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने सरकारी योजनाओं के तहत वित्तीय लेन-देन से जुड़ी साइबर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक आकलन करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल वित्तीय लेन-देन में संभावित कमजोरियों की पहचान करना और साइबर धोखाधड़ी तथा अनधिकृत लेन-देन से सरकारी धनराशि की सुरक्षा के लिए मजबूत उपाय सुनिश्चित करना है।
मुख्य सचिव ने आज यहां डिजिटल भुगतान ढांचे और क्लाउड व्यवस्था की साइबर सुरक्षा तथा वित्तीय सुरक्षा उपायों की समीक्षा के लिए हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को समन्वित, तकनीक आधारित और एहतियाती दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी वित्तीय लेन-देन को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।
श्री रस्तोगी ने सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को ऐसी सभी सरकारी योजनाओं की विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जिनके तहत वित्तीय भुगतान किए जाते हैं और जो साइबर खतरों के प्रति संवेदनशील हो सकती हैं।
उन्होंने विभिन्न योजनाओं के समूहों के लिए चार से पांच सदस्यों वाली बहुविषयक समितियां गठित करने को कहा। इन समितियों में तकनीकी विशेषज्ञों, एनआईसी के प्रतिनिधियों, वित्त अधिकारियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। ये समितियां संबंधित योजनाओं की कार्यप्रणाली की जांच करेंगी और डिजिटल वित्तीय लेन-देन में सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान करेंगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस आकलन में डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म, प्रौद्योगिकी सेवा प्रदाताओं, सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन और उनके सुरक्षा ऑडिट रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जानी चाहिए। समितियां यह भी जांच करेंगी कि सुरक्षा ऑडिट कब और किस प्रकार किए गए हैं तथा मौजूदा सुरक्षा उपाय संभावित साइबर खतरों से निपटने के लिए पर्याप्त हैं या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रक्रिया में जल्दबाजी के बजाय तथ्यों की सटीकता और गहन जांच को प्राथमिकता दी जाए।
सरकारी धनराशि के अनधिकृत हस्तांतरण की आशंका को कम करने और वित्तीय अनुशासन मजबूत करने के लिए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को सरकारी योजनाओं के तहत भुगतान हरियाणा के भीतर स्थित बैंक खातों में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वित्तीय लेन-देन का प्रतिदिन मिलान करने की व्यवस्था लागू करने पर भी चर्चा की गई, ताकि किसी भी प्रकार की विसंगति का समय रहते पता लगाया जा सके और वित्तीय निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
साइबर घटनाओं की रोकथाम में जागरूकता के महत्व को देखते हुए मुख्य सचिव ने सरकारी कर्मचारियों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता पुस्तिका तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करना और साइबर धोखाधड़ी से निपटने की तैयारी को मजबूत करना है।
वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल ने कहा कि साइबर सुरक्षा सभी सरकारी विभागों की सांझा जिम्मेदारी है। इसमें सरकारी धनराशि वितरित करने वाले विभागों के साथ-साथ राजस्व एकत्रित करने वाले विभाग भी समान रूप से शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दोनों प्रकार के विभाग साइबर धोखाधड़ी, साइबर घटनाओं और साइबर हमलों के प्रति समान रूप से संवेदनशील हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य का वित्तीय संचालन दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का है। ऐसे में सरकारी वित्तीय संसाधनों की सुरक्षा के लिए मजबूत तकनीकी उपाय और निरंतर सतर्कता बेहद जरूरी है। डिजिटल सुरक्षा में थोड़ी सी भी चूक सरकारी प्राप्तियों और भुगतान को गंभीर जोखिम में डाल सकती है। इसलिए एहतियाती उपायों, मजबूत आईटी प्रणालियों और समय पर विशेषज्ञ तकनीकी सहायता लेने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
श्री सुधीर राजपाल ने कहा कि इस तकनीकी प्रक्रिया के समन्वय में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र को अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। इसके लिए विशेषज्ञों का एक उप-समूह गठित कर विभिन्न विभागों से प्राप्त सुझावों को एकत्रित किया जाए और उनके आधार पर व्यावहारिक साइबर सुरक्षा उपाय किए जाएं। तकनीकी सिफारिशों की समीक्षा प्रशासनिक सचिवों के एक समूह द्वारा की जाएगी, जिसके बाद उन्हें अंतिम मंजूरी दी जाएगी। इससे सभी विभागों में साइबर सुरक्षा के लिए एक समन्वित और एकरूप व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी।
