हरियाणा खेल महाकुंभ का शुभंकर बनेगा खिलाड़ियों के जोश, फुर्ती और संकल्प का प्रतीक

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को ‘खेल महाकुम्भ हरियाणा-2026’ के शुभंकर का लोकार्पण किया। राज्य पशु काला हिरण की थीम पर तैयार किया गया यह शुभंकर हरियाणा की पहचान, सांस्कृतिक विरासत और प्रदेश के खिलाड़ियों की फुर्ती, सतर्कता, संतुलन तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

इस अवसर पर हॉकी के पूर्व कप्तान सरदार सिंह, एशियाई खेलों की पदक विजेता परवीन हुड्डा, नरेंद्र बॉक्सर को सम्मानित भी किया गया। इसके अलावा इजिप्ट में जाने वाले हॉकी जूनियर टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दी।

उपस्थित खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों का जोश और उत्साह ही प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। हमें गर्व है कि जब भी पदकों की तालिका बनती है, उसमें हरियाणा का नाम सबसे ऊंचा होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल महाकुम्भ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और प्रदेश का नाम रोशन करने का एक बड़ा मंच प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काला हिरण अपने अद्भुत वेग, फुर्ती, सतर्कता, संतुलन और सौम्यता के लिए जाना जाता है। यही गुण हरियाणा के खिलाड़ियों में भी दिखाई देते हैं। खिलाड़ी जब मैदान में उतरते हैं तो उनमें काला हिरण जैसी फुर्ती, एकाग्रता और लक्ष्य को भेदने की क्षमता नजर आती है। उन्होंने कहा कि शुभंकर के माध्यम से प्रदेश के युवाओं और आमजन को पर्यावरण संरक्षण, वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता और प्राकृतिक धरोहर को सहेजने का संदेश भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 30 खेलों में 18 हजार खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन दो चरणों में प्रदेश के 11 विभिन्न शहरों में किया जाएगा। उन्होंने खेल विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को सफल आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ सरकार की दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के गांवों, कस्बों और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर, मार्गदर्शन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। यही प्रतिभाएं आगे चलकर ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में तिरंगे की शान बढ़ा सकती हैं। वार्षिक खेल कैलेंडर के अनुसार, इस महाकुम्भ की गतिविधियां 16 नवंबर से शुरू हो चुकी हैं और राज्य स्तरीय मुकाबलों से पहले पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर चयन ट्रायल आयोजित किए गए हैं। इन ट्रायल में युवाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी हरियाणा में विकसित हो रही नई खेल संस्कृति का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक एकाग्रता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करने की सीख भी देते हैं। खेलों पर किया गया निवेश प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण में निवेश है।

12 वर्षों में खेल सुविधाओं पर किए अभूतपूर्व कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां देने से लेकर खेल अकादमियों, खेल नर्सरियों, प्रशिक्षण सुविधाओं और आधुनिक खेल ढांचे के विस्तार तक लगातार काम किया गया है। हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियमों के तहत अब तक 260 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ग्रुप-ए, बी और सी की सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाते हैं। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश के 17 हजार 676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को तैयारी के लिए अग्रिम राशि भी दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 1500 रुपये तथा 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2 हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति देने का प्रावधान किया गया है। खेल ग्रेडेशन नीति में संशोधन कर हरियाणा स्टेट गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी खेल ग्रेडेशन का लाभ दिया गया है, जिससे उन्हें सरकारी नौकरियों सहित अन्य अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि खेल रत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन, ध्यानचंद और तेनजिंग नोर्गे अवॉर्ड विजेताओं को अब प्रतिमाह 20 हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है। वहीं, भीम अवॉर्ड विजेताओं को प्रतिमाह 5 हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है।

प्रदेश में 2 हजार खेल नर्सरियां, 40 हजार बच्चे कर रहे अभ्यास

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे गांव की मिट्टी, स्कूल का मैदान और शुरुआती प्रशिक्षण की अहम भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में 2 हजार खेल नर्सरियां खोली गई हैं, जहां लगभग 40 हजार बच्चे सुबह-शाम अभ्यास कर रहे हैं। इसके अलावा, 25 आवासीय खेल अकादमियां स्थापित की गई हैं, जिनमें खिलाड़ियों को प्रतिदिन 500 रुपये की दर से डाइट मनी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पिछले लगभग 12 वर्षों में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 1100 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। खिलाड़ियों को चोट लगने की स्थिति में बेहतर उपचार, प्रशिक्षण और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय स्तर का ‘ए-स्टार’ उन्नत वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया है। यह उत्तर भारत में अपनी तरह का पहला और सबसे आधुनिक केंद्र है।

एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते 30 पदक

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एशियाई खेलों में भारत ने 85 पदक जीतकर चौथा स्थान प्राप्त किया, जिसमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 30 पदकों का योगदान दिया। भारत के 21 स्वर्ण पदकों में से 14 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते।

इसी प्रकार, पैरा एशियाई खेलों में भारत ने 114 पदक जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जिसमें हरियाणा के पैरा खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण सहित कुल 31 पदक हासिल किए। राष्ट्रमंडल खेलों में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश के 39 पदकों में से 11 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेल महाकुम्भ के शुभंकर से हर दिन स्वयं को कल से बेहतर बनाने की प्रेरणा लें। जीत और हार खेल के दो पहलू हैं, लेकिन सच्ची खेल भावना, ईमानदारी और अपना शत-प्रतिशत समर्पण ही एक सच्चे खिलाड़ी की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने प्रदेश के अभिभावकों और शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करें।

हरियाणा के खिलाड़ियों को मिट्टी से मेडल तक पहुंचाने का काम कर रही सरकार : गौरव गौतम

हरियाणा के खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हरियाणा के खिलाड़ियों को मिट्टी से मेडल तक पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार की खेल नीति, खिलाड़ियों का जज्बा, उत्साह और जुनून मिलकर प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और उपलब्धियों से देश-दुनिया में यह पहचान बनाई है कि खेल का मतलब हरियाणा और हरियाणा का मतलब खेल है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस खेल महाकुम्भ में 20 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 30 से अधिक खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं प्रदेश के 11 से अधिक शहरों में आयोजित की जाएंगी। उन्हें पूरा विश्वास है कि इस आयोजन से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में एशियाई खेलों, पैरा ओलंपिक और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए खेल नर्सरियों से लेकर टॉप्स जैसी योजनाओं तक खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा ने खेलों के क्षेत्र में मिट्टी से मेडल तक का सफर तय करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में खिलाड़ियों के चयन में पारदर्शिता, बेहतर डाइट मनी, आधुनिक खेल ढांचे और उत्कृष्ट प्रशिक्षण केंद्रों की व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए मिशन ओलंपिक-2036 के तहत हरियाणा का लक्ष्य वर्ष 2036 में 36 पदक हासिल करने का है। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगा। उन्होंने आने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश और दुनिया में प्रदेश की खेल पहचान को और मजबूत करेगा। उन्हें उम्मीद है कि इन खेलों में भारत के पदकों में हरियाणा के खिलाड़ियों की बड़ी हिस्सेदारी होगी।

खेल मंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ को इस बार पहले से अधिक भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पिछली बार की तुलना में दोगुना बजट देकर खिलाड़ियों के सम्मान और सुविधाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। खिलाड़ियों की किट से लेकर डाइट तक हर जरूरत का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों का सरकार के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।

हरियाणा के युवाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल इकोसिस्टम उपलब्ध करवाना प्राथमिकता : अमनीत पी. कुमार

खेल विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती अमनीत पी. कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के विजन के अनुरूप हरियाणा के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रशिक्षण और बेहतर खेल इकोसिस्टम उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को ऐसी सुविधाएं देना है, जिससे वे अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर हरियाणा और देश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने कहा कि खेल महाकुम्भ में एथलेटिक्स से लेकर वाटर स्पोर्ट्स और ओलंपिक, राष्ट्रमंडल तथा एशियाई खेलों से जुड़ी विधाओं में प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन के माध्यम से भविष्य के चैंपियन तैयार करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का विकसित भारत का विजन और फिट इंडिया की सोच प्रदेश की खेल नीति को नई दिशा दे रही है।

उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि हरियाणा के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रशिक्षण सुविधाएं, प्रोत्साहन राशि और बेहतर खेल वातावरण मिले। खिलाड़ियों को उनकी मेहनत और उपलब्धियों के अनुरूप सहयोग दिया जाए, ताकि वे आगे बढ़कर पदक हासिल कर सकें और प्रदेश व देश का गौरव बढ़ाएं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री यशपाल, आईपीएस श्री पंकज नैन, डायरेक्टर स्पोर्ट्स श्री शक्ति सिंह, ओएसडी श्री बीबी भारती भी मौजूद थे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *