निवेश और औद्योगिक विकास के लिए हरियाणा में अपार संभावनाएं: CM नायब सैनी

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को अपने सिंगापुर दौरे के दौरान सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा सिंगापुर में भारत के राजदूत डॉ. शिल्पक अंबुले भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सिंगापुर के विशिष्ट उद्योगपतियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस उच्चस्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और सिंगापुर के बीच पारस्परिक सहयोग एवं समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना तथा दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना था।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को हरियाणा में निवेश के अवसरों से कराया अवगत

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में हरियाणा की निवेश अनुकूल नीतियों, औद्योगिक क्षमता, अवसंरचनात्मक विकास तथा निवेशकों को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे हरियाणा में निवेश के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भी अपने राज्य में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया।

सिंगापुर में भारत के राजदूत डॉ. शिल्पक अंबुले ने दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।

भारत-सिंगापुर आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने पर जोर

यह कार्यक्रम आर्थिक कूटनीति के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा, जिसमें भारत के दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति रही। इस दौरान सिंगापुर के व्यापारिक समुदाय के साथ भारत और सिंगापुर के बीच व्यापार एवं निवेश सहयोग को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के संवाद से द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा मिलेगी तथा दोनों देशों के बीच निवेश, व्यापार और तकनीकी सहयोग के नए अवसर विकसित होंगे।

इस कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक श्री विनय प्रताप सिंह, एचएसआईआईडीसी के अतिरिक्त प्रबंध निदेशक श्री अनिरुद्ध यादव, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) के चेयरमैन श्री मार्क ली तथा सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF)सदस्य श्री प्रसून मुखर्जी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *