गुरुग्राम: मोनू मानेसर को पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नाम पर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस से मांगी सुरक्षा

हरियाणा के गुरुग्राम में गौरक्षक मोनू मानेसर ने जान से मारने की धमकी मिलने का दावा करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उन्हें इंस्टाग्राम ऑडियो कॉल के जरिए धमकी दी गई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा बताया। मामले के बाद मोनू मानेसर ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। 

मोनू मानेसर के अनुसार, 1 अगस्त को उनके इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल कर रहे उनके भाई रोहित को एक व्यक्ति ने कॉल किया। कॉल करने वाले ने अपना नाम सैफ अली खान बताया और कथित तौर पर कहा कि वह शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कॉल के दौरान बम से उड़ाने और “100 गोलियां मारने” जैसी धमकियां दी गईं। साथ ही उनके सुरक्षा कर्मियों और सहयोगी पिंकी चौधरी को भी निशाना बनाने की बात कही गई। 

मोनू मानेसर ने पुलिस को धमकी भरी कॉल की रिकॉर्डिंग भी सौंपी है और मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। गुरुग्राम पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। 

गौरतलब है कि हाल के महीनों में पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर नेटवर्क और उनके कथित मॉड्यूल की जांच विभिन्न केंद्रीय एजेंसियां भी कर रही हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस ने अभी तक धमकी देने वाले के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। 

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *