हरियाणा सरकार ने खरीफ सीजन-2026 की फसलों का पंजीकरण कराने से वंचित रह गए किसानों को एक और मौका दिया है। प्रदेश सरकार ने ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। जो किसान किसी कारणवश अपनी खरीफ फसल का रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पाए थे, वे अब 21 से 27 सितंबर 2026 तक पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
हरियाणा में इस खरीफ सीजन के दौरान धान का कुल रकबा लगभग 30 लाख से 32 लाख एकड़ (करीब 12 से 14 लाख हेक्टेयर) अनुमानित है। वहीं इस बार धान का उत्पादन 55 से 60 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान जताया जा रहा है।
प्रदेश के दक्षिणी व शुष्क इलाकों (रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी आदि) में बाजरे का रकबा लगभग 10 लाख से 12 लाख एकड़ (करीब 4.5 से 5 लाख हेक्टेयर) है। चालू सीजन में बाजरे का कुल उत्पादन लगभग 10 से 12 लाख मीट्रिक टन होने का अनुमान है।
अब आवेदन के बाद ये रहेगी प्रक्रिया..
- संबंधित SDO (सिविल)/SDM कार्यालय में लिखित आवेदन दें।
- आवेदन में अपनी जमीन का पूरा विवरण, खेवट नंबर, खसरा नंबर और खेती के तहत क्षेत्रफल जरूर लिखें।
- आवेदन के बाद संबंधित अधिकारी द्वारा जमीन/फसल के दावे की जांच अधिकतम 3 दिन में कराई जाएगी।
- जांच सही पाए जाने पर किसान की फसल का विवरण पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा और उसे फसल की सरकारी खरीद प्रक्रिया में शामिल होने की सुविधा मिलेगी।
जानिए, पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन से क्या फायदा…
- न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद: पोर्टल पर पंजीकृत फसल को ही सरकार मंडी में MSP पर खरीदेगी। बिना पंजीकरण के किसान अपनी उपज सरकारी एजेंसी को नहीं बेच पाएंगे।
- सीधा खाते में भुगतान (DBT): फसल बिक्री का पैसा बिना किसी बिचौलिए के सीधे किसान के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाता है।
- भावांतर भरपाई योजना का लाभ: यदि बाजार भाव एमएसपी से कम रहता है, तो पंजीकृत किसानों को सरकार भावांतर भरपाई योजना के तहत नुकसान की भरपाई (अंतर राशि) सीधे बैंक खाते में देती है।
- फसल क्षतिपूर्ति व मुआवजा : प्राकृतिक आपदा, बारिश या जलभराव से फसल में नुकसान होने पर क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दावे के लिए ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।
- सब्सिडी और योजनाएं: ‘मेरा पानी-मेरी विरासत’ योजना (धान की जगह अन्य फसल उगाने पर ₹7,000 प्रति एकड़) और कृषि यंत्रों पर मिलने वाली छूट का लाभ भी केवल पंजीकृत किसानों को ही मिलता है।
