जालंधर में गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र की नींव, CM मान और केजरीवाल रहे मौजूद; 100 करोड़ से बनेगा सेंटर

जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को जालंधर के नौगज्जा गांव, डेरा सचखंड बल्लां के पास श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र की आधारशिला रखी। यह केंद्र गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और बाणी पर शोध एवं अध्ययन के लिए विकसित किया जाएगा। 

करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस केंद्र के लिए नौगज्जा गांव में 10.5 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है। यहां रिसर्च इंस्टीट्यूट-कम-स्टडी सेंटर, आधुनिक कक्षाएं, लाइब्रेरी और विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। केंद्र में करीब 500 विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं होने की योजना है। 

केंद्र में गुरु रविदास बाणी इंटरप्रिटेशन हॉल भी बनाया जाएगा। इसमें गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं से संबंधित सामग्री और ऐतिहासिक वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य गुरु रविदास जी की विचारधारा और बाणी पर शोध को बढ़ावा देना तथा आने वाली पीढ़ियों तक उनके संदेश को पहुंचाना है। 

कार्यक्रम में डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास की मौजूदगी भी रही। केंद्र की स्थापना को रैदासिया समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग से जोड़कर देखा जा रहा है। पंजाब सरकार ने 2027 में गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के मद्देनजर सालभर चलने वाले कार्यक्रमों की भी घोषणा की है। 

इस कार्यक्रम के मद्देनजर जालंधर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। नौगज्जा और बल्लां क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ इलाके को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया था। 

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *