हर शिकायतकर्ता को कम से कम समय में मिले न्याय, प्रदेश सरकार की यही मंशा: रणबीर गंगवा

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने गुरुवार को पानीपत जिला सचिवालय सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना। बैठक में 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि 7 शिकायतों को विस्तृत कार्रवाई और आगामी बैठक में सुनवाई के लिए लंबित रखा गया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह के कुशल मार्गदर्शन और निर्देशों के तहत प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से हर महीने जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की जाती है, जिसमें शिकायतकर्ता और संबंधित पक्षों को पूरी मजबूती के साथ सुनकर तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं करती। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाता है और सभी पक्षों की सुनवाई के बाद निष्पक्ष निर्णय लिया जाता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लें, बल्कि प्रत्येक शिकायत की तह तक जाकर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। जहां किसी स्तर पर लापरवाही सामने आए, वहां नियमानुसार जिम्मेदारी तय की जाए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के लिए अनेक योजनाएं चला रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर घर जल योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में कई स्थानों पर वाटर लेवल ऊपर आ जाता है, जिससे जलभराव और अन्य समस्याएं पैदा होती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को लगातार काम करना चाहिए। उन्होंने बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बैठक में शहरी विधायक श्री प्रमोद विज, उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

,

एएसपी हर्षित गोयल और निगम अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *