हरियाणा(बलविंदर सिंह): हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रविवार को गांव पहरावर के निकट सेक्टर-26 स्थित गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के भगवान परशुराम कैंपस-3 में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन चारदीवारी सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया तथा कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत डॉ. अरविंद शर्मा ने निर्माणाधीन कैंपस में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार शीघ्र ही संस्था को लगभग 15 करोड़ रुपये की मैचिंग ग्रांट उपलब्ध करवाएगी, जिससे कैंपस में प्रस्तावित विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से संस्था की भूमि के साथ लगभग चार एकड़ अतिरिक्त भूमि भी उपलब्ध करवाई गई है। इस भूमि पर जल्द ही भव्य भगवान परशुराम स्मृति स्थल के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति और प्रेरणा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा भव्य एवं आकर्षक स्थल होगा, जहां देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचेंगे।
डॉ. शर्मा ने कहा कि गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। संस्था द्वारा संचालित शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियां समाज के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राज्य सरकार संस्था के विकास एवं विस्तार के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम कैंपस-3 में भगवान परशुराम लॉ कॉलेज, भगवान परशुराम नर्सिंग कॉलेज, भगवान परशुराम पब्लिक स्कूल तथा प्रशासनिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में शिक्षा के नए आयाम स्थापित होंगे और विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर एडीएम रोहतक एवं गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थान के प्रशासक श्री आशीष वशिष्ठ, गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के पदेन सचिव एवं प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर ढाका, एडवोकेट आजाद अत्री, मदवि गैर-शिक्षक प्रधान सुरेश कौशिक, राजकुमार दिमाना, धर्मवीर शर्मा, श्रीभगवान कौशिक बोहर, पार्षद प्रवीण कौशिक, एडवोकेट मोनू अत्री, जितेंद्र अत्री, जोगेंद्र अत्री, भीम भारद्वाज, डॉ. दलबीर कौशिक, डॉ. कपिल कौशिक, डॉ. तरुण वत्स, डॉ. कपिल भारद्वाज, मसूदपुर सरपंच भगवतदयाल सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
