IITF 2026 में आयुष मंडप बना आकर्षण का केंद्र, स्वास्थ्य परामर्श और हर्बल उत्पादों को मिली शानदार प्रतिक्रिया

नई दिल्ली(राजीव शर्मा): आयुष मंत्रालय नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 में भागीदारी कर रहा है। “आयुष की विरासत से स्वस्थ भारत का विकास” विषय पर आधारित आयुष मंडप में बड़ी संख्या में आगंतुक भाग ले रहे हैं। यहां भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की विरासत, अनुसंधान और उनके आधुनिक उपयोग को व्यावहारिक एवं डिजिटल गतिविधियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री अलारमेलमंगई डी ने कल आयुष मंडप का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों से संबंधित प्रदर्शनों, आयुष आहार उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला और परस्‍पर संवाददात्‍मक प्रदर्शनों की सराहना की। उन्होंने होम्योपैथी ओपीडी में चिकित्‍सकों से वार्तालाप किया और केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (सीसीआरएच) की डिजिटल गतिविधियों, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) की वर्चुअल रियलिटी सुविधा तथा सीसीआरयूएम द्वारा प्रस्तुत मिजाज आकलन गतिविधि का अनुभव किया। उन्होंने राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (एनएमपीबी), अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) और पीसीआईएमएंडएच के प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया।

निर्देशित योग सत्र, सूर्य नमस्कार प्रदर्शन, योग प्रतियोगिताएं, प्रकृति एवं मिजाज आकलन, आयुर्वेद से जुड़े शिक्षाप्रद खेल और वर्चुअल रियलिटी अनुभव विशेष रूप से बच्चों और युवा आगंतुकों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं। सीसीआरएच द्वारा औषधीय पौधों की पहेली, फ्लावर मैच चैलेंज और सेंसर आधारित स्वस्थ/अस्वस्थ भोजन खेल जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। एनआईए, जयपुर द्वारा मानव शरीर का वर्चुअल रियलिटी टूर कराया जा रहा है। फोटो बूथ और फ्लिपबुक कियोस्क के माध्यम से आगंतुक मंत्रालय के प्रकाशनों को भी पढ़ सकते हैं। इनमें ‘जड़ों से वैश्विक पहचान तक–आयुष में परिवर्तन के 11 वर्ष (2014–2025)’ भी शामिल है।

आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी पद्धतियों में परामर्श की सुविधा उपलब्ध है तथा परामर्श के बाद दवाइयां भी दी जा रही हैं। इसके अलावा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा परामर्श और ड्राई कपिंग की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। सीसीआरएच द्वारा 24 और 25 नवंबर को आयोजित होम्योपैथी ओपीडी में आगंतुकों को निःशुल्क परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

आयुर्वेद से प्रेरित कुकीज़, हर्बल उत्पाद, यूनानी औषधीय तैयारियां और पौष्टिक स्नैक्स भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। ‘दादी से पूछो’ और ‘मिलेट्स ऑन द व्हील’ जैसी पहल पारंपरिक खानपान और मोटे अनाज के लाभों को बढ़ावा दे रही हैं।

एनएमपीबी द्वारा जीवंत औषधीय पौधों की प्रदर्शनी, निःशुल्क औषधीय पौधों के पौधे और क्‍यूआर कोड के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) सामान्य जड़ी-बूटियों और मसालों का प्रदर्शन कर रहा है तथा विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में इनके सुरक्षित उपयोग पर बल दे रहा है। अनुसंधान परिषदें और राष्ट्रीय संस्थान आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी के क्षेत्र में अपने अनुसंधान एवं कार्यों का प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

आईआईटीएफ 2026 में आयुष मंत्रालय की भागीदारी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता फैलाने, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत बनाने में अनुसंधान, शिक्षा और नवाचार की भूमिका को रेखांकित करने के मंत्रालय के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *