पाकिस्तान में गुरुद्वारों के दर्शन करने गए भारतीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे से तीन लोग लापता हो गए हैं। तीनों श्रद्धालु ननकाना साहिब से पंजा साहिब जाते समय जत्थे से अलग हो गए। 25 नवंबर को उनके निर्धारित स्थान पर नहीं मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई। मामले की जानकारी सामने आने के बाद भारतीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
लापता श्रद्धालुओं की पहचान जालंधर जिले के फिल्लौर क्षेत्र के खोखेवाल गांव निवासी बिक्कर सिंह, तरनतारन की गुरु नानक कॉलोनी निवासी विक्रमजीत सिंह और अमृतसर के सुल्तानविंड निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। तीनों 22 नवंबर को गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान गए करीब 2,340 श्रद्धालुओं के जत्थे में शामिल थे। इस जत्थे में श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, 23 और 24 नवंबर को सभी श्रद्धालु ननकाना साहिब में मौजूद थे। 25 नवंबर की सुबह जत्थे को पंजा साहिब के लिए रवाना होना था। जब तीनों श्रद्धालु अपने निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू की गई। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को उनके लापता होने की सूचना दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तीनों अपनी मर्जी से जत्थे से अलग हुए या उनके साथ कोई अनहोनी हुई है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) ने भी इस मामले में चिंता जताई है और पाकिस्तान सरकार से तीनों श्रद्धालुओं के लापता होने की परिस्थितियों की गहन जांच कराने की मांग की है। कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा कि जब तक उनके ठिकाने और लापता होने के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
कालका ने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं का असर भविष्य में धार्मिक यात्राओं पर पड़ सकता है। इससे श्रद्धालुओं के पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
गौरतलब है कि 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान जाने वाले श्रद्धालुओं का जत्था 1 दिसंबर को भारत लौटने वाला है। इस दौरान श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब के अलावा पंजा साहिब, करतारपुर साहिब और लाहौर के ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने हैं। फिलहाल तीनों श्रद्धालुओं का पता लगाने के प्रयास जारी हैं और उनके लापता होने के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
