हरियाणा में वन विभाग के 32 IFS अधिकारियों के तबादले: फरीदाबाद में पेड़ कटाई मामले के बाद बड़ा फेरबदल; शिवकुमार को गुरुग्राम की जिम्मेदारी

हरियाणा सरकार ने वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय वन सेवा (IFS) के 32 अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, अंबाला और हिसार सहित कई क्षेत्रों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। वरिष्ठ अधिकारी केसी मीना को प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (PCCF) एवं हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है।

शिवकुमार को चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (CCF), प्रोटेक्शन-2 गुरुग्राम और CCF वाइल्डलाइफ गुरुग्राम का कार्यभार सौंपा गया है। इससे पहले इन जिम्मेदारियों में सुभाष चंद्र यादव की तैनाती थी। अब सुभाष यादव को कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (मुख्यालय), पंचकूला और कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट, सेंट्रल सर्कल रोहतक लगाया गया है।

जितेंद्र अहलावत को हरियाणा वन विकास निगम (HFDC) का चीफ जनरल मैनेजर और कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट, साउथ सर्कल नियुक्त किया गया है। राज कुमार को दोबारा डिप्टी कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (DCF), गुरुग्राम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं फरीदाबाद में निलंबित अधिकारी झलकर उयाके की जगह रेणु बाला को DCF लगाया गया है।

घनश्याम शुक्ला को हरियाणा वन विकास निगम का मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया है। इसके साथ उन्हें एडिशनल प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (डेवलपमेंट) का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। नवदीप सिंह हुड्डा PCCF वाइल्डलाइफ-कम-चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन के पद पर बने रहेंगे और उन्हें APCCF फॉरेस्ट्री का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

वासवी त्यागी को पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग की सचिव की जिम्मेदारी के साथ CCF प्रोटेक्शन-1 और CCF मुख्यालय का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। रंजीथा को CCF एडमिनिस्ट्रेशन के साथ CCF वाइल्डलाइफ, पंचकूला का प्रभार दिया गया है। बी निवेदिता को कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट, नॉर्थ सर्कल अंबाला लगाया गया है। आर आनंद हिसार के वेस्ट सर्कल में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

डॉ. टीपी सिंह को हरियाणा CAMPA का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है। हैरतजीत कौर को ज्वाइंट CEO CAMPA और HFDC अंबाला का चीफ जनरल मैनेजर नियुक्त किया गया है। वहीं विजयलक्ष्मी को HFDC करनाल की चीफ जनरल मैनेजर और कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट, करनाल का कार्यभार दिया गया है।

यह फेरबदल फरीदाबाद के अलीपुर आरक्षित वन क्षेत्र में कथित बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई के मामले के बीच हुआ है। इस मामले में DCF झलकर उयाके को निलंबित किया गया था और जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की गई थी। हालांकि, सरकार के तबादला आदेश में पूरे प्रशासनिक फेरबदल को इस मामले से सीधे तौर पर जोड़ने की बात नहीं कही गई है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *