ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दूरसंचार स्टार्टअप और MSME कॉन्क्लेव 2026 की अध्यक्षता की, स्वदेशी नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर

दिल्ली(राजीव शर्मा):संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम स्थित लीडर्स लाउंज में दूरसंचार विभाग (डीओटी), संचार मंत्रालय द्वारा आयोजित दूरसंचार स्टार्टअप और एमएसएमई कॉन्क्लेव 2026 की अध्यक्षता की। इस कॉन्क्लेव में स्वदेशी दूरसंचार नवाचार को सुदृढ़ करने, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा देश में विकसित प्रौद्योगिकियों के विकास और व्यावसायीकरण को सुगम बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।

इस कॉन्क्लेव में दूरसंचार स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि, निवेशक, शिक्षाविद और सरकारी प्रतिनिधि एक साझा मंच पर एकत्रित हुए। इसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन करना, घरेलू नवाचारकर्ताओं के सामने आने वाली चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना तथा भारतीय दूरसंचार प्रौद्योगिकियों का विस्तार करने के अवसर तलाशना था।

नीति आयोग की विशिष्ट फेलो और नीति फ्रंटियर टेक हब की मुख्य वास्तुकार सुश्री देबजानी घोष ने सत्र के दौरान मुख्य वक्तव्य दिया। उन्होंने नवाचार को बढ़ावा देने, हितधारकों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने तथा प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता के लिए अनुकूल परिवेश तैयार करने के महत्व पर ज़ोर दिया।

इस कॉन्क्लेव में दूरसंचार प्रौद्योगिकी के विभिन्न घटकों को शामिल करते हुए पाँच प्रमुख विषयगत क्षेत्रों पर प्रस्तुतियाँ और चर्चाएँ आयोजित की गईं। इनमें रेडियो एक्सेस नेटवर्क (आरएएन) एवं कोर, एप्लिकेशन, चिपसेट, सुरक्षा और मानक शामिल थे। प्रत्येक विषयगत समूह का प्रतिनिधित्व संबंधित डीओटी के अधिकारियों ने किया, जिन्होंने प्रतिभागियों को स्टार्टअप और एमएसएमई को सहयोग देने तथा समग्र दूरसंचार नवाचार इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी पहलों, नीतिगत हस्तक्षेपों और सहायक ढाँचों की जानकारी दी। इस कॉन्क्लेव में स्टार्टअप और एमएसएमई द्वारा लगाए गए 11 प्रदर्शनी स्टॉल भी शामिल थे, जिनके माध्यम से उन्हें नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों, निवेशकों और अन्य हितधारकों के समक्ष अपने नवोन्मेषी स्वदेशी उत्पादों, प्रौद्योगिकियों और समाधानों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

केंद्रीय मंत्री ने टीसीओई इंडिया द्वारा आयोजित इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज हैकथॉन 2026 (ईटीएच 2026) के विजेताओं को भी सम्मानित किया। इस हैकथॉन में नौ प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में 2,870 से अधिक पंजीकरण और 620 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें विद्यार्थियों, स्टार्टअप, कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों ने भाग लिया। विजेताओं को उनके नवोन्मेषी समाधानों के लिए पुरस्कार और नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। एंट्रा इनोवेशंस एलएलपी ने स्वदेशी रूप से विकसित टायर-प्रेशर सेंसर सिस्टम-ऑन-चिप ‘वायु’ के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। डॉनियन्स इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को फाइबर कनेक्शन की रिमोट प्रोविजनिंग की सुविधा प्रदान करने वाले रोबोटिक ऑप्टिकल पैच पैनल समाधान ‘केबलस्मिथ’ के लिए द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं, संयुक्त तृतीय पुरस्कार आईआईटी बॉम्बे (टीम दृष्टि) को निजी 5जी नेटवर्क के लिए सुरक्षा इंजन ‘कवच’ तथा मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (टीम रुद्र) को ड्रोन के लिए एंटी-जैमिंग संचार समाधान ‘वज्रलिंक’ के लिए प्रदान किया गया।

कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “पिछले एक दशक में भारत की उद्यमशीलता शक्ति के पुनरुत्थान के संदर्भ में आज का अनुभव अत्यंत उत्साहजनक रहा है। हमारा देश हमेशा से नवाचार, प्रौद्योगिकी, विज्ञान और उद्यमिता का केंद्र रहा है। हजारों वर्षों से भारत मानवता की प्रगति में योगदान देता आया है। पिछले एक दशक में भारत प्रौद्योगिकी का उपभोक्ता होने से आगे बढ़कर प्रौद्योगिकी का निर्माता बन गया है।” माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और बाजार के रूप में उभरा है। वर्ष 2014 में जहां देश में केवल कुछ सौ स्टार्टअप थे, वहीं आज इनकी संख्या बढ़कर 2,00,000 से अधिक हो गई है। यह माननीय प्रधानमंत्री द्वारा समय पर की गई विभिन्न पहलों के कारण संभव हुआ है।”

उन्होंने आगे कहा, “दूरसंचार क्षेत्र इस बात का सबसे उल्लेखनीय उदाहरण है कि भारत प्रौद्योगिकी का निर्माता बन रहा है। प्रौद्योगिकी के परीक्षण और उपयोग के व्यापक पैमाने के कारण यह संभव हुआ है। पहले देश में केवल 25 करोड़ इंटरनेट कनेक्शन थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 110 करोड़ हो गई है। इसी प्रकार, ब्रॉडबैंड कनेक्शनों की संख्या 6 करोड़ से बढ़कर 104 करोड़ हो गई है। हम दुनिया के एकमात्र दूरसंचार नेटवर्क बाजार हैं, जो दोहरे अंकों की दर से वृद्धि कर रहा है।”

दूरसंचार विभाग (डीओटी) स्वदेशी दूरसंचार नवाचार इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न पहलें लागू कर रहा है। इनमें दूरसंचार प्रौद्योगिकी विकास कोष (टीटीडीएफ), प्रौद्योगिकी विकास और निवेश संवर्धन (टीडीआईपी) योजना और 100 5जी उपयोग-केस लैब शामिल हैं। ये पहलें अनुसंधान एवं विकास, वैश्विक मानकीकरण, उत्पाद सत्यापन और तैनाती को समर्थन प्रदान करती हैं। इन पहलों को और मजबूती प्रदान करते हुए, दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत कैप्टिव गैर-सार्वजनिक नेटवर्क(सीएनपीएन) और रेगुलेटरी सैंडबॉक्स के लिए बनाए गए प्रावधान उद्यम नेटवर्क तथा नवोन्मेषी दूरसंचार प्रौद्योगिकियों के वास्तविक परिवेश में परीक्षण के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण उपलब्ध कराते हैं।

इस संदर्भ में, कॉन्क्लेव में कैप्टिव दूरसंचार सेवाओं और रेगुलेटरी सैंडबॉक्स पर विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिनमें दूरसंचार विभाग के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों को संबंधित नियामकीय ढाँचों और उनके प्रावधानों की जानकारी दी। एरिक्सन ने इन दोनों विषयों पर वैश्विक दृष्टिकोण और उद्योग जगत के अनुभव साझा किए। इन सत्रों में उपयोगकर्ता एजेंसियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप और अन्य हितधारकों को आपस में संवाद करने तथा इन ढाँचों से उत्पन्न होने वाले संभावित अनुप्रयोगों, कार्यान्वयन संबंधी आवश्यकताओं और अवसरों पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक मंच भी प्रदान किया गया।

इस कॉन्क्लेव ने विकसित भारत@2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप स्टार्टअप, एमएसएमई, शिक्षाविदों, निवेशकों और उद्योग जगत के बीच सहयोग को बढ़ावा देने, स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं को सुदृढ़ करने तथा नवाचार और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दूरसंचार विभाग की प्रतिबद्धता को दोहराया।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *