वडनगर (राजीव शर्मा): मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ गुजरात के ऐतिहासिक शहर वडनगर की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को देखकर काफी प्रभावित हुए।
दिलजीत दोसांझ ने प्रसिद्ध हटकेश्वर महादेव मंदिर में माथा टेकने के बाद पुरातात्विक अनुभव संग्रहालय (Archaeological Experiential Museum) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वडनगर की प्राचीन वास्तुकला, ऐतिहासिक धरोहर और गौरवशाली इतिहास को करीब से देखा।
संग्रहालय में मौजूद ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की जानकारियों को जानने में दिलजीत ने विशेष रुचि दिखाई। वडनगर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उसके ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकर वह काफी उत्साहित नजर आए।
गुजरात का वडनगर अपनी प्राचीन सभ्यता, ऐतिहासिक स्मारकों और सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता है। यह शहर भारत की पुरातात्विक और ऐतिहासिक विरासत को समझने के लिहाज से एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
दिलजीत दोसांझ का यह दौरा भारतीय इतिहास और संस्कृति के प्रति उनकी रुचि को भी दर्शाता है। उनकी इस यात्रा से वडनगर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
