भारत की WTC फाइनल की उम्मीदों को बड़ा झटका, न्यूजीलैंड ने पहला टेस्ट ड्रॉ कराया

वेलिंगटन (राजीव शर्मा): भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट के आखिरी दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले को ड्रॉ करा दिया।

डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों बल्लेबाजों ने धैर्य और संयम का परिचय देते हुए न्यूजीलैंड को हार से बचा लिया।

मैच के अंतिम दिन न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी 119 रन पर दो विकेट से आगे बढ़ाई। टीम भारत के पहली पारी के स्कोर से 233 रन पीछे थी। भारत को सुबह के सत्र में दो सफलताएं मिलीं। वॉशिंगटन सुंदर ने रचिन रविंद्र को 37 रन पर आउट किया, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 65 रन बनाने वाले डेवोन कॉनवे को पवेलियन भेजा।

इसके बाद भारत को विकेट लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। अंशुल कंबोज ने टॉम ब्लंडेल को 54 गेंदों में 15 रन के स्कोर पर आउट किया। दूसरे सत्र में भारत को यही एकमात्र सफलता मिली।

डेरिल मिचेल 186 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पहली पारी में शतक लगाने वाले ग्लेन फिलिप्स ने 126 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने कुल 259 गेंदों तक भारतीय गेंदबाजों का सामना किया।

न्यूजीलैंड ने 120 ओवर में पांच विकेट पर 239 रन बनाकर मुकाबला ड्रॉ करा दिया।

इस नतीजे से भारत की WTC 2027 फाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। भारत को अपने बाकी बचे सात मुकाबलों में से छह जीतने की जरूरत थी। अब टीम के लिए आगे की चुनौती और भी कठिन हो गई है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *