नशे के खिलाफ हरियाणा के युवाओं की हुंकार, CM सैनी ने यूथ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प हरियाणा की युवा शक्ति को नशे के चंगुल से बचाकर उसे खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। नशे के सौदागरों के प्रति सरकार की नीति पूरी तरह कठोर है, जबकि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम किया जा रहा है। नशे का कारोबार करने वाले या तो यह धंधा छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, प्रदेश की धरती पर उनके लिए कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को सिरसा जिले के कालांवाली में नशा मुक्ति हरियाणा के संकल्प के साथ आयोजित यूथ मैराथन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने 5 किलोमीटर की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। मैराथन में 18 वर्ष से कम, 18 से 45 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एक लाख चालीस हजार से ज्यादा ने पंजीकरण करवाया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की एक साथ भागीदारी को सामाजिक एकजुटता और स्वस्थ जीवन शैली का प्रतीक बताते हुए मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।

जीवन की मैराथन में अनुशासन, धैर्य और सही दिशा जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैराथन जीवन का भी एक बड़ा सबक सिखाती है। लंबी दौड़ केवल तेज दौड़ने से नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और सही दिशा बनाए रखने से जीती जाती है। जीवन भी एक मैराथन है और नशे का रास्ता कुछ समय का आकर्षण दिखाकर अंततः इंसान को उसके परिवार, सपनों और भविष्य से दूर कर देता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी नशे के दुष्प्रभावों को समझाते हुए युवाओं को इससे दूर रहने का संदेश दिया है। युवाओं को कुछ समय का नशा नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी की उड़ान चाहिए।

उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। इससे मां की उम्मीदें टूटती हैं, पिता के सपने बिखरते हैं और परिवार का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें। उनके व्यवहार में बदलाव दिखाई दे तो डांटने से पहले उनकी बात सुनें। स्कूल और कॉलेज भी पढ़ाई के साथ-साथ चरित्र निर्माण और विद्यार्थियों को सही दिशा देने के केंद्र बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान दूध-दही और जवानों की धरती के साथ-साथ खेल शक्ति के रूप में भी है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वर्ष 2026 के एशियाई खेलों में भारत द्वारा जीते गए 85 पदकों में से 32 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए। यानी भारत के लगभग हर तीसरे पदक में हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान रहा। उन्होंने कहा कि एक समय था जब खेलों को केवल शौक माना जाता था, लेकिन आज खेलों में सम्मान, रोजगार और अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने के अवसर उपलब्ध हैं। युवाओं को मैदान में उतरकर मेहनत करनी चाहिए और अपने सपनों को पदकों में बदलना चाहिए।

नशामुक्त हरियाणा के लिए सात संकल्पों पर काम कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन के दम पर नहीं जीती जा सकती, इसके लिए परिवार, स्कूल, अस्पताल और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। प्रदेश को नशामुक्त बनाने और युवा शक्ति को इस बुराई से बचाने के लिए सरकार ने ‘संकल्प’ सोसायटी का गठन किया है। इसके माध्यम से सात प्रमुख संकल्पों पर काम किया जा रहा है। इनमें ड्रग मुक्त थाना क्षेत्र, तस्कर मुक्त जिला, नशे की गोलियों से मुक्त केमिस्ट शॉप, नशे के विरुद्ध परिवार का सहयोग, इलाज युक्त अस्पताल, सुविधा युक्त स्कूल तथा युवाओं के लिए खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों के बेहतर विकल्प उपलब्ध करवाना शामिल है।

उन्होंने बताया कि संकल्प सोसायटी की अध्यक्षता वे स्वयं कर रहे हैं । जिला स्तर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटियां गठित की गई हैं। ब्लॉक स्तर पर भी इकाइयां बनाई गई हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पार्षदों, थाना प्रभारियों तथा सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इस प्रकार परिवार से लेकर प्रशासन और अस्पताल से लेकर स्कूल तक सभी स्तरों पर जिम्मेदारी तय की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हरियाणा उदय’ अभियान के तहत नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में 10 से अधिक मैराथन, दो साइक्लोथोन संस्करण, राहगिरी कार्यक्रमों सहित 2,484 कार्यक्रमों में 18 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की है। सरकार की कोशिश है कि नशे के खिलाफ जागरूकता केवल किसी एक दिन का कार्यक्रम न रहकर जन आंदोलन बने।

नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सक्रिय किया गया है और पंचकूला में अंतरराज्यीय ड्रग सचिवालय स्थापित किया गया है। जिला, रेंज और राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सेल भी काम कर रहे हैं। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशे के कारोबार से अर्जित 94 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं तथा 180 संपत्तियों को ध्वस्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल कार्रवाई दिखाना नहीं, बल्कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाकर परिणाम देना है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में नशे की गिरफ्त में आए 1 लाख 58 हजार 830 लोगों की पहचान कर उनका इलाज करवाया गया है। प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और 13 जिलों के सिविल अस्पतालों में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। नशा पीड़ितों की मदद और ड्रग पैडलिंग की गतिविधियों की सूचना देने के लिए टोल फ्री एंटी ड्रग हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त भारत सरकार की मानस हेल्पलाइन 1933 पर भी नशीले पदार्थों से संबंधित शिकायतें दर्ज करवाई जा सकती हैं। शिकायतकर्ता की गोपनीयता सुनिश्चित की जाती है।

सरदार सिंह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत, खेलों से जुड़कर बनाएं स्वस्थ भविष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी एवं पूर्व कप्तान श्री सरदार सिंह इस मैराथन के ब्रांड एंबेसडर के रूप में उपस्थित हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में महज 22 वर्ष की आयु में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी संभाली थी और वर्ष 2014 के एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें अर्जुन पुरस्कार, पद्मश्री और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित किया गया। उनका खेल जीवन अनुशासन, मेहनत और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल है।

मुख्यमंत्री ने नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन में लौटे युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवा दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा बनें। सरकार नशे की गिरफ्त से बाहर निकलने वाले लोगों को हरसंभव सहयोग दे रही है। उन्होंने युवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, नशा रोकने में अपने मित्रों की मदद करेंगे तथा अपने स्वास्थ्य, कौशल और जीवन के लक्ष्यों के लिए समय निकालेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है तो उसकी सूचना संबंधित हेल्पलाइन पर दें। नशे में फंसे व्यक्ति से दूरी बनाने के बजाय उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई और आह्वान किया कि सभी मिलकर यह प्रण लें कि न तो स्वयं नशा करेंगे और न ही किसी को नशा करने देंगे।

कार्यक्रम में भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान एवं मैराथन के ब्रांड एंबेसडर श्री सरदार सिंह, भाजपा जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल,पूर्व सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद श्री चरणजीत सिंह, डबवाली जिला अध्यक्ष रेणू शर्मा, सिरसा जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चैयरमेन देवकुमार शर्मा, चेयरमैन रामचंद्र कंबोज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *