कोटा (राजीव शर्मा): राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। परिवार के सदस्य खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी उनकी क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
हादसा रात करीब एक बजे शंभूपुरा गांव के पास हुआ। अधिकारियों के अनुसार, वाहन में परिवार के लगभग 15 से 16 सदस्य सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग उसके अंदर फंस गए।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाव अभियान चलाया। घायलों को वाहन से निकालकर इलाज के लिए कोटा के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सानवी, सज्जन, अनीता, जाह्नवी, बाबूलाल और माधवी के रूप में हुई है।
