पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तरनतारन जिले के पट्टी विधानसभा क्षेत्र के गांव सभरा में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और रोजगार को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि तरनतारन में लड़कियों के लिए शाम सिंह अटारी के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। इसके साथ ही पंजाब में युवाओं को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए मुफ्त UPSC कोचिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि उन्हें IAS और IPS अधिकारी बनने के लिए दूसरे राज्यों या बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को राज्य में ही बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम परिवारों के बच्चे भी सिविल सेवाओं में जाने का सपना पूरा कर सकें, इसके लिए उन्हें जरूरी मार्गदर्शन और तैयारी की सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में और कॉलेजों तथा बेहतर संस्थानों की जरूरत है। लोगों की ओर से कॉलेज और मेडिकल कॉलेज की मांग उठाई गई है, जिस पर जल्द कदम उठाया जाएगा।
मान ने कहा कि पंजाब के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन आर्थिक स्थिति और महंगी कोचिंग कई बार उनके रास्ते में बाधा बनती है। मुफ्त कोचिंग सेंटरों से ऐसे विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जो संसाधनों की कमी के कारण सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते। इससे पहले भी पंजाब सरकार ने 1,000 कॉलेज विद्यार्थियों को UPSC और PCS परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग देने की घोषणा की थी। इसमें 750 विद्यार्थी सरकारी कॉलेजों और 250 निजी कॉलेजों से चुने जाने हैं।
लोक मिलनी के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में नहरी पानी के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया गया है और खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब के विकास और युवाओं के भविष्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता आपसी राजनीतिक खींचतान में व्यस्त हैं, जबकि उनकी सरकार लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान करने की दिशा में काम कर रही है।
मान ने कहा कि लोक मिलनी का उद्देश्य राजनीतिक रैली करना नहीं, बल्कि लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और मांगों को समझना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम में लोगों की ओर से दिए गए मांग-पत्रों पर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के बच्चों को बेहतर शिक्षा और अवसर देकर उन्हें राज्य का भविष्य बनाने के लिए सरकार प्रयासरत है।
