संसद परिसर में धरती आबा बिरसा मुंडा को नमन, राष्ट्रपति और PM समेत शीर्ष नेताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला, विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, संसद सदस्यों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस दौरान श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में लिखा: “साहस और प्रतिरोध के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध जनजातीय समुदाय का नेतृत्व किया तथा उनके अधिकारों, गरिमा और पहचान के लिए आवाज बुलंद की। उनके ‘उलगुलान’ के ओजस्वी आह्वान ने स्‍वाधीनता और न्याय के संघर्ष को सशक्त स्‍वर प्रदान किया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर हम उनकी अमिट विरासत तथा भारत के स्‍वाधीनता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के अमूल्य योगदान का सम्मान करते हैं। उनकी विरासत तथा भारत के स्‍वाधीनता संग्राम एवं राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के अमूल्य योगदान का कीर्तिगान करने वाली जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन करना प्रेरणादायक रहा।”

जनजातीय स्‍वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के सम्मान में वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। भारत के स्‍वाधीनता संग्राम में जनजातीय समुदायों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अनेक क्रांतिकारी आंदोलनों के माध्यम से अपना योगदान दिया। यह दिवस उनके समृद्ध इतिहास, संस्कृति और विरासत का कीर्तिगान करता है। इस अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य एकता एवं गौरव की भावना को बढ़ावा देना तथा भारत की स्‍वाधीनता और प्रगति में जनजातीय समुदायों के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मान प्रदान करना है।

समारोह के अंतर्गत, गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए विभिन्न राज्यों के छह जनजातीय लोक कलाकारों ने संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *