नई दिल्ली(राजीव शर्मा): प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को साकार करने तथा देश में सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त, आधुनिक एवं समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह रविवार, 15 नवंबर, 2026 को महाराष्ट्र के पुणे जिले के तलेगांव दाभाड़े में आयोजित एक कार्यक्रम में एनएचईसी मल्टी स्टेट सहकारी संस्था का भूमि पूजन करेंगे। इस अवसर पर श्री अमित शाह सहकारी समितियों के केंद्रीय पंजीयक (CRCS) के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन तथा पुणे के लिए भारत टैक्सी सेवाओं का शुभारंभ भी करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री श्री मुरलीधर मोहोल, महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री श्रीमती सुनेत्रा अजित पवार तथा उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय द्वारा सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके कामकाज में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने, सहकारिता आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित करने तथा सहकारी क्षेत्र में नई आर्थिक संभावनाओं के सृजन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पुणे में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम इन्हीं प्रयासों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह कार्यक्रम की शुरुआत एनएचईसी मल्टी स्टेट सहकारी संस्था के भूमि पूजन से करेंगे। एनएचईसी मल्टी स्टेट सहकारी संस्था की परियोजना का भूमि पूजन सहकारिता आधारित औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर एनएचईसी और आईडीएमसी लिमिटेड (IDMC Ltd.) के बीच आशय पत्र (Letter of Intent) का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। यह पहल सहकारी क्षेत्र में संस्थागत सहयोग और नई संभावनाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान श्री अमित शाह सहकारी समितियों के केंद्रीय पंजीयक (CRCS) के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे। यह पहल बहुराज्य सहकारी समितियों के लिए क्षेत्रीय स्तर पर प्रशासनिक एवं नियामकीय सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने तथा सहकारी संस्थाओं के कामकाज में सुगमता, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसी अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री महाराष्ट्र के पुणे के लिए भारत टैक्सी सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। सहकारिता आधारित परिवहन सेवाओं के विस्तार की यह पहल सारथियों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा परिवहन क्षेत्र में सहकारी मॉडल को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी के चार सारथियों को शेयर प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे, जो सहकारी व्यवस्था में सदस्यों की हिस्सेदारी और स्वामित्व की भावना को रेखांकित करता है।
पुणे में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम सहकारी क्षेत्र में संस्थागत सुदृढ़ीकरण, सहकारिता आधारित उद्यमशीलता को बढ़ावा देने तथा नई आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय देशभर में सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्षम, प्रतिस्पर्धी और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
