मदन लाल बग्गा का भाजपा पर हमला, बोले- किसानों को दबाने के बाद पंजाब पर राजनीति नहीं थोप सकती पार्टी

लुधियाना/चंडीगढ़(गुरप्रीत सिंह): लुधियाना नॉर्थ से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मदन लाल बग्गा ने भाजपा की तरफ से उनके पार्टी छोड़ने की फैलाई जा रही अफवाहों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के नेशनल कन्वीनर अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के “सच्चे सिपाही” हैं और रहेंगे। आप विधायक ने भाजपा को चेतावनी दी कि पंजाब बंगाल नहीं है और यहां के लोगों को दबाव वाले हथकंडो से डराया नहीं जा सकता। उन्होंने भरोसा जताया कि आप फिर से सरकार बनाएगी और पूरी ताकत से विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रण लिया।

एक बयान में, आप विधायक मदन लाल बग्गा ने कहा, “मैं पिछले पांच साल से आप विधायक हूं और पार्टी लीडरशिप, खासकर आप के नेशनल कन्वीनर अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे फिर से चुनाव लड़ने का मौका दिया।”

आप छोड़ने की सभी अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, “मैं अरविंद केजरीवाल का सच्चा सिपाही हूं और पूरी ताकत से विधानसभा चुनाव लड़ूंगा। भाजपा बौखला गई है और नीचले स्तर के हथकंडों पर उतर आई हैं, लेकिन हम ऐसी हर कोशिश का डटकर मुकाबला करेंगे।”

भाजपा पर निशाना साधते हुए आप विधायक ने कहा, “पंजाब कोई बंगाल नहीं है। भाजपा को ऐसे हथकंडे अपनाना बंद कर देना चाहिए और समझना चाहिए कि पंजाब के लोग डरने वाले नहीं हैं। पार्टी ने पहले ही 4 साल तक किसानों को दबाने की कोशिश की है, लेकिन वह दबाव और डरा-धमकाकर पंजाब पर अपनी राजनीति नहीं थोप सकती।”

मदन लाल बग्गा ने आगे कहा, “आम आदमी पार्टी पंजाब में फिर से सरकार बनाएगी। न तो मैं और न ही पार्टी भाजपा के हथकंडों से डरने वाली है, और मैं अगला विधानसभा चुनाव पूरे दृढ़ इरादे से लड़ूंगा।”

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *