पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर हरियाणा मॉडल पर होगा विकास, पारदर्शी व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह)): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में सत्ता में रही सरकारों ने बड़े-बड़े वादे तो किए, लेकिन प्रदेश को भ्रष्टाचार के दलदल में धकेलने के अलावा कुछ नहीं किया। भगवंत मान ने विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब के 25 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन अभी कुछ रोज पहले सोशल मीडिया पर भगवंत मान का एक वीडियो देखा, जिसमें वो कह रहे हैं कि उनकी सरकार ने 60 हजार नौकरियां दी। पंजाब सरकार स्पष्ट करे कि 25 लाख नौकरियों के वादे का क्या हुआ और श्वेत पत्र जारी करके पंजाब के युवाओं को ये बताएं कि अब तक कितने युवाओं को वास्तव में रोजगार मिला है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंजाब के होशियारपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पंजाब में विकास की गति थम गई और अब आम आदमी पार्टी की सरकार ने भी जनता की उम्मीदों को तोड़ने का काम किया है। पंजाब की जनता अब इन पार्टियों की झूठी बातों और चुटकुलों से तंग आ चुकी है और प्रदेश में बदलाव चाहती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पांच वर्ष से अधिक समय तक पंजाब में राज किया, लेकिन प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने और उन्हें नशे से बचाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने अपने आप को कट्टर ईमानदार बताते हुए पंजाब की जनता को बदलाव का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की, लेकिन आज प्रदेश की स्थिति सबके सामने है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ आम आदमी पार्टी को बड़ा जनादेश दिया था, लेकिन सरकार ने उन उम्मीदों पर खरा उतरने के बजाय पंजाब को विकास के मामले में और पीछे धकेल दिया।

मुख्यमंत्री ने पंजाब की एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती का उदाहरण देते हुए कहा कि लगभग तीन महीने पहले हरियाणा और पंजाब दोनों राज्यों में भर्ती परीक्षा के परिणाम आए थे। हरियाणा में परिणाम जारी होने के बाद उन्होंने पुनहाना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक रैली में मंच से बताया था कि इस क्षेत्र के 29 युवाओं का चयन हुआ है। उन्होंने वहां उपस्थित हजारों लोगों के सामने पूछा था कि यदि कोई यह कह दे कि उसने किसी विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री की सिफारिश लगवाई है अथवा नौकरी पाने के लिए किसी को पांच पैसे भी दिए हैं, तो वे बताएं। यही हरियाणा सरकार की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था है, जहां गरीब परिवारों के बच्चे अपनी मेहनत और योग्यता के आधार पर सरकारी पदों पर चयनित हो रहे हैं।

इसके विपरीत पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती के परिणाम को लेकर गंभीर सवाल सामने आए। यहां तक कि दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर एक ही समय में पेपर आयोजित होने के बावजूद दोनों केंद्रों से चयन होने की बात भी विचारणीय है। उन्होंने कहा कि जो लोग कट्टर ईमानदारी का दावा करते हैं, उन्हें इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता जनता के बीच चुटकुले सुनाते हैं, लेकिन चुटकुलों से सिनेमाघर चल सकते हैं, सरकार नहीं। सरकार चलाने के लिए स्पष्ट नीति, मजबूत इच्छाशक्ति और जनता के प्रति जवाबदेही जरूरी है। पंजाब की जनता अब समझ चुकी है कि उसे चुटकुलों की नहीं, बल्कि विकास और सुशासन की सरकार चाहिए।

पंजाब की जनता को अब हिसाब मांगना होगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पंजाब के विधानसभा चुनाव में केवल दो महीने का समय शेष है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता जब जनता के बीच वोट मांगने आएं तो उनसे उनके पुराने वादों का हिसाब जरूर मांगा जाए। उनसे पूछा जाए कि युवाओं को रोजगार देने, नशा खत्म करने, किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदने और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादों का क्या हुआ।

उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का भाईचारा बहुत पुराना है। दोनों राज्यों की संस्कृति, परंपराएं और भावनाएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। हरियाणा के लोगों को पंजाब की वर्तमान स्थिति देखकर दुख होता है, क्योंकि पंजाब कभी देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता था। पंजाब के लोगों ने अपनी मेहनत से देश की तरक्की में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन गलत राजनीतिक फैसलों ने प्रदेश की विकास यात्रा को प्रभावित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का ऐतिहासिक निर्णय लागू किया है। वहीं युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यही सुशासन और पारदर्शिता पंजाब में भी स्थापित करने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों ने पंजाब के लोगों की मेहनत की कमाई का सही उपयोग करने के बजाय जनता को निराश किया है। अब समय आ गया है कि पंजाब की जनता इन पार्टियों को वोट की चोट से जवाब दे और प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प ले।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद श्री विजय सांपला, पूर्व सांसद श्री अविनाश राय खन्ना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *