मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश और देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कामना की कि प्रकाश और उल्लास का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा हर घर में आशा, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व ही नहीं, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक भी है। यह पर्व हमें जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने, बुराइयों का त्याग करने तथा सदाचार, सेवा और परोपकार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। दीपावली का पावन संदेश प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और उमंग का संचार करता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में दीपावली का विशेष महत्व है। यह पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे, एकता और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। दीपावली हमें यह भी संदेश देती है कि सामूहिक प्रयासों, सहयोग और परस्पर विश्वास के बल पर समाज और राष्ट्र को प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे दीपावली का पावन पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाएं तथा इस अवसर पर जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाने का संकल्प लें। उन्होंने सभी के सुखद, मंगलमय और समृद्ध भविष्य की कामना की।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *