5 नवंबर को अंबाला में शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे अमित शाह: CM नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा के वीरों की भूमिका, इतिहास, शौर्य और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। अंबाला में 1857 की प्रथम क्रांति के अमर शहीदों की स्मृति में निर्मित भव्य शहीद स्मारक का उद्घाटन 5 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह जानकारी आज चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास ‘कबीर कुटीर’ में आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक सोसायटी की गवर्निंग काउंसिल की प्रथम बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। इस अवसर पर उन्होंने शहीद स्मारक की आधिकारिक वेबसाइट का भी उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शहीद स्मारक केवल एक भवन या ऐतिहासिक परिसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना को भी मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री ने बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन तथा उद्घाटन समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य आवश्यक प्रबंधों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने स्मारक परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह की तैयारियों और स्मारक से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की प्रगति से अवगत कराया।

22 एकड़ में फैला भव्य स्मारक, 23 अत्याधुनिक गैलरियों में प्रदर्शित होगी स्वतंत्रता संग्राम की गाथा
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 22 एकड़ में विकसित यह राष्ट्रीय स्तर का शहीद स्मारक 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के महान सेनानियों और उनके सर्वोच्च बलिदान को समर्पित है। स्मारक में बनाई गई 23 अत्याधुनिक गैलरियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों, वीर योद्धाओं के संघर्ष और उनके बलिदान को आधुनिक एवं आकर्षक तकनीक के जरिए प्रदर्शित किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह स्मारक इतिहास प्रेमियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। यहां युवा पीढ़ी न केवल स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को करीब से समझ सकेगी, बल्कि उन वीरों के जीवन से प्रेरणा भी ले सकेगी, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

हरियाणा के ऐतिहासिक स्थलों को जोड़कर बनेगा विशेष पर्यटन सर्किट :
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती का इतिहास वीरता, बलिदान और गौरवशाली परंपराओं से समृद्ध रहा है। प्रदेश में अनेक ऐसे ऐतिहासिक स्थल और स्मारक हैं, जिनका राष्ट्रीय इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान है। इन सभी धरोहरों को व्यापक पहचान दिलाने और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक स्मारकों को आपस में जोड़कर एक विशेष ‘स्मारक पर्यटन सर्किट’ विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल से पर्यटकों को हरियाणा के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के विभिन्न स्थलों को एक साथ देखने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक की आधिकारिक वेबसाइट का किया शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शहीद स्मारक की आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए ऐतिहासिक विरासत को आमजन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। वेबसाइट के माध्यम से देश-विदेश के लोग स्मारक के इतिहास, इसकी विभिन्न गैलरियों, उपलब्ध सुविधाओं और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से घर बैठे परिचित हो सकेंगे। साथ ही, उद्घाटन समारोह से संबंधित लाइव अपडेट भी प्राप्त कर सकेंगे और इसके माध्यम से ऑनलाइन टिकट भी बुक कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मारक के प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और अन्य संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक धरोहर के बारे में जान सकें और यहां भ्रमण के लिए प्रेरित हों।

बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए.के. सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल, बिजली निगम की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती आशिमा बराड़, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के.एम. पांडुरंग, निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बी.बी. भारती, शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *