एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 42 वर्षों की विशिष्ट सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):भारतीय वायु सेना के वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह पीवीएसएम, एवीएसएम 31 अक्टूबर, 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके साथ ही राष्ट्र की 42 वर्षों तक की गई उनकी विशिष्ट एवं गौरवशाली सेवा का अध्याय संपन्न होगा।

एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने एक कुशल लड़ाकू विमान पायलट और प्रायोगिक परीक्षण पायलट के रूप में भारतीय वायु सेना की परिचालन क्षमता, युद्धक तैयारियों तथा आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वायु सेना प्रमुख के रूप में उनका कार्यकाल निर्णायक नेतृत्व और परिचालन तैयारियों पर विशेष जोर देने के लिए जाना जाएगा। विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय वायु सेना ने अपनी युद्धक क्षमता, सटीक कार्रवाई और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय उद्देश्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह के नेतृत्व में भारतीय वायु सेना की विभिन्न प्रकार के सैन्य अभियानों में प्रभावी व निर्णायक कार्रवाई करने की क्षमता को और मजबूती मिली।

एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह को सैन्य अभियानों में नेतृत्व के अलावा, संगठन के प्रत्येक स्तर पर कार्यरत वायु योद्धाओं के साथ अपने आत्मीय और व्यक्तिगत जुड़ाव के लिए भी याद किया जाएगा। जमीनी स्तर पर तैनात कर्मियों के साथ उनकी नियमित बातचीत इस विश्वास को दर्शाती थी कि भारतीय वायु सेना की सबसे बड़ी ताकत उसके कर्मी हैं। चाहे वे कमान श्रृंखला के निचले स्तर पर कार्यरत वायु योद्धा हों, युवा अधिकारी, वायुसैनिक या कैडेट हों, उन्होंने हमेशा व्यावसायिक दक्षता, जवाबदेही, पहल करने की क्षमता व अपनी सेवा के प्रति गर्व की भावना को प्राथमिकता दी। युवाओं के साथ सहजता से जुड़ने और उनमें आत्मविश्वास जगाने की उनकी क्षमता, वायु योद्धाओं तथा भावी सैन्य नेतृत्व की नई पीढ़ी को तैयार करने के उद्देश्य से उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

अपने कार्यकाल के दौरान एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने भारतीय वायु सेना को तकनीकी रूप से अधिक सशक्त, आधुनिक और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार बनाने पर विशेष ध्यान दिया। इस दिशा में उन्होंने स्वदेशीकरण, नवाचार और अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष जोर दिया। उनके दृष्टिकोण एवं मार्गदर्शन ने एक सक्षम, आत्मनिर्भर, विश्वसनीय तथा युद्ध के लिए सदैव तैयार वायु सेना के निर्माण के प्रति भारतीय वायु सेना के संकल्प को और सुदृढ़ किया है।

भारतीय वायु सेना एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह और श्रीमती सरिता सिंह को उनके आगामी जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देती है। उनके नेतृत्व, सैन्य अभियानों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और वायु योद्धाओं के साथ आत्मीय जुड़ाव की विरासत आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *