रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ करेंगे VISV-2026 का उद्घाटन, स्वदेशी रक्षा क्षमताओं का होगा प्रदर्शन

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ 30 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में सेंटर फॉर ज्वाइंट वारफेयर स्टडीज (सीईएनजेओडब्ल्यूएस) के सहयोग से रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) की ओर से आयोजित किए जा रहे विश्व-2026 (वीआईएसवी-2026: विजन, इनोवेशन, सिनर्जी, वैल्यूज) का उद्घाटन करेंगे।

“रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन, वैश्विक साझेदारी को मजबूत करना” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश की स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकी क्षमताओं को प्रदर्शित करना और मित्र भागीदार देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना है। यह कार्यक्रम रक्षा अनुसंधान, विकास और उत्पादन में भारत की प्रगति के साथ अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को परिचित कराने और प्रौद्योगिकी आधारित सहयोग और रणनीतिक साझेदारी के रास्ते तलाशने के लिए रक्षा प्रतिष्ठान, उद्योग, शिक्षा और राजनयिक समुदाय के प्रतिनिधियों को एक साथ लाएगा।

यह विचार-विमर्श स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने और तकनीकी नवाचार, रक्षा उत्पादन और रक्षा कूटनीति के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय साझेदारी का विस्तार करने की दिशा में देश की यात्रा को उजागर करेगा। तकनीकी सत्रों में वैमानिकी प्रणालियों, भूमि और नौसेना प्रणालियों, सेंसिंग और संचार, मिसाइल प्रणाली, सूक्ष्म इलेक्ट्रॉनिकी, कम्प्यूटेशनल समाधान और सैनिक सहायता प्रणालियों में डीआरडीओ की क्षमताओं को शामिल किया जाएगा। एक पैनल चर्चा में भारत और मित्र भागीदार देशों के बीच संयुक्त सहयोग, क्षमता विकास और पारस्परिक रूप से लाभप्रद साझेदारी के अवसरों का पता लगाने पर जोर दिया जाएगा।

वीआईएसवी-2026 के माध्यम से, डीआरडीओ तकनीकी आत्मनिर्भरता को आगे बढ़ाने और नवाचार, संवाद तथा सहयोग के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय रक्षा साझेदारी को मजबूत करने के प्रयास में है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *