दशहरे पर पंजाब के राज्यपाल का संदेश, प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई

चंडीगढ़(गुरप्रीत सिंह):पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को दशहरा के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

दशहरा का त्योहार, जिसे विजयदशमी के नाम से भी जाना जाता है, बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। पूर्वी और दक्षिणी राज्य दशहरा को देवी दुर्गा की दुष्ट राक्षस महिषासुर पर जीत के रूप में मनाते हैं, जबकि उत्तरी और पश्चिमी राज्य इस त्योहार को भगवान राम की रावण पर जीत के रूप में मनाते हैं।

यह त्योहार हमें अहंकार और नकारात्मकता रूपी ‘बुराई’ से छुटकारा पाने की शिक्षा देता है और सभी के लिए एकता और प्रेम रूपी ‘अच्छाई’ की भावनाओं को अपनाना सिखाता है। भगवान श्री राम जी के मूल्य हमें जीवन की कठिन परीक्षाओं और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं।

पंजाब के राज्यपाल ने अपने संदेश में कामना करते हुए कहा कि इस वर्ष का दशहरा हमें भगवान श्री राम जी के सिद्धांतों पर दृढ़ रहने के लिए प्रेरित करे। आइए, हम सामूहिक रूप से सभी प्रतिकूलताओं का सामना करते हुए अपने राज्य और प्रदेशवासियों के सर्वांगीण विकास और कल्याण के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।

ईश्वर करे कि पूरी दुनिया में करुणा, प्रेम और भाईचारे का प्रभुत्व हो और हमें विभाजित करने वाली अंधविश्वास और बुराई की ताकतों का विनाश हो।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *