चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में मंगलवार को हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ स्थित उनके कार्यालय में कार्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न नगर निकायों में विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए टेंडर दरों की स्वीकृति से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक मीणा समेत अन्य अधिकारी व संबंधित नगर पालिका व निकायों के चेयरमैन भी मौजूद रहे ।
बैठक में नगर निगम हिसार, हांसी, बरवाला, उकलाना, नारनौंद व सिवानी के लिए 3 साल की अवधि के लिए ठोस कचरे के प्रबंधन से संबंधित प्रस्ताव पर विचार किया गया। इसके साथ ही नारायणगढ़ व नगर पालिका बराड़ा में ठोस कचरे के डोर टू डोर कलेक्शन से संबंधित कार्यों को भी बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया। बैठक में दिव्य नगर योजना के तहत पलवल में बच्चों के पार्क के निर्माण तथा नगर पालिका समिति महम के पुराने कार्यालय में डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न प्रस्तावों से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली व कार्यों के क्रियान्वयन में निर्धारित नीतियों एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेकहॉल्डर्स की बैठक बुलाने के निर्देश देते हुए कहा कि टेंडर प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किए जाए।
