हादसों में जान गंवाने वालों के परिवारों को हरियाणा सरकार देगी 5-5 लाख रुपये की मदद

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हाल ही में हुए हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में हरियाणा सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले प्रत्येक पीड़ित के परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके तहत कुरुक्षेत्र में 24 सितंबर को हुए हादसे में जान गंवाने वाले 6 पीड़ितों तथा सिरसा में 24 सितंबर को हुए हादसे में जान गंवाने वाले 3 पीड़ितों के परिवारों को सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

इसी प्रकार, अंबाला में 27 सितंबर को हुए हादसे में जान गंवाने वाले 6 पीड़ितों के परिवारों को भी 5 लाख रुपये प्रति पीड़ित की दर से सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही, फरीदाबाद में 27 सितंबर को हुए हादसे में जान गंवाने वाली बच्ची के परिवार को भी 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

श्री नायब सिंह सैनी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि अपनों को खोने का दुख अत्यंत पीड़ादायक है और इस कठिन समय में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *