भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पंजाब के हलका लुधियाना और साहनेवाल के लोगों की सुविधा के लिए एक अहम पहल की है। पंजाब भाजपा के प्रवक्ता और मीडिया इंचार्ज प्रितपाल सिंह बलिएवाल की ओर से इलाके में ‘मोबाइल दफ्तर’ की शुरुआत की गई है।
इस मोबाइल दफ्तर का पोस्टर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व पंजाब इंचार्ज सतीश पूनिया, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, सह-इंचार्ज नरेंद्र सिंह रैना और संगठन मंत्री श्रीनिवासलू ने संयुक्त रूप से जारी किया।
सीधे लोगों तक पहुंचेंगी केंद्र की योजनाएं
इस मौके पर प्रितपाल सिंह बलिवाल ने बताया कि इस ‘मोबाइल दफ्तर’ का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न लोक-भलाई योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी सीधे तौर पर हलका साहनेवाल के लोगों तक पहुंचाना है, ताकि योग्य लाभार्थी इनका पूरा लाभ ले सकें।
युवाओं के रोजगार और नशा मुक्ति पर रहेगा खास जोर
बलिवाल ने बताया कि मोबाइल दफ्तर के जरिए नौजवानों को मुफ्त स्किल डेवलपमेंट कोर्स, रोजगार और नौकरियों से संबंधित मौकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, जो परिवार नशे की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्हें मुफ्त नशा-छुड़ाओ केंद्रों और उपलब्ध सहायता के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
गांवों और शहरी इलाकों में होगा सीधा संपर्क
यह मोबाइल दफ्तर हलका साहनेवाल के विभिन्न गांवों और शहरी इलाकों में जाएगा। इसके जरिए भाजपा नेता और कार्यकर्ता लोगों के साथ सीधा संपर्क करेंगे, उनकी ग्राउंड-लेवल की समस्याओं व जरूरतों को समझेंगे और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे।
