बेंगलुरु(राजीव शर्मा): बेंगलुरु स्थित NBFC फिनैबल ने बैंकिंग क्षेत्र के अनुभवी श्रीराम रंगनाथन अय्यर को अपने बोर्ड में नॉन-एग्जीक्यूटिव नॉमिनी डायरेक्टर नियुक्त किया है। अय्यर अपने साथ अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग और संस्थागत नेतृत्व का करीब तीन दशक का अनुभव लेकर आए हैं।
यह नियुक्ति मई 2026 से प्रभावी है और फिनैबल में निवेशक TVS Capital के प्रतिनिधि के तौर पर की गई है।
TVS Capital द्वारा प्रबंधित टीवीएस श्रीराम ग्रोथ फंड्स 3 और 4 ने दो चरणों में फिनैबल में कुल 250 करोड़ रुपये का निवेश किया है। अय्यर का नामांकन पोर्टफोलियो कंपनियों को क्षमता संबंधी सहयोग देने की निवेशक की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
अय्यर भारत, सिंगापुर, दुबई, लंदन और ऑस्ट्रेलिया समेत कई प्रमुख वित्तीय बाजारों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं। उनके पेशेवर अनुभव में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, टेक्नोलॉजी अपनाना, गवर्नेंस, वैश्विक परिचालन और जटिल, बहुसांस्कृतिक संगठनों का प्रबंधन शामिल है।
वह इससे पहले एएनजेड बैंकिंग समूह के कॉरपोरेट और इंस्टीट्यूशनल कारोबार में ग्लोबल चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर रह चुके हैं। उन्होंने Standard Chartered Bank की ग्लोबल शेयर्ड-सर्विसेज इकाई Scope International के CEO के रूप में भी काम किया है।
हाल के वर्षों में अय्यर कई भारतीय कंपनियों में स्वतंत्र निदेशक के रूप में काम कर चुके हैं और बोर्ड समितियों की अध्यक्षता भी कर चुके हैं।
टेक्नोलॉजी और गवर्नेंस पर जोर
फिनैबल ने कहा कि बड़े पैमाने के बैंकिंग परिचालन और टेक्नोलॉजी-आधारित बदलावों में अय्यर का अनुभव कंपनी को अपने लेंडिंग कारोबार का विस्तार करने के साथ-साथ गवर्नेंस और जोखिम-प्रबंधन प्रणालियों को मजबूत करने में मदद करेगा।
नियुक्ति का स्वागत करते हुए फिनैबल के CEO नितिन गुप्ता ने कहा कि कंपनी के विस्तार के अगले चरण में अय्यर का अनुभव उपयोगी साबित होगा।
गुप्ता ने कहा, “जिम्मेदारी के साथ कारोबार को बढ़ाने के लिए हमें जिस तरह के वैश्विक बैंकिंग स्तर और संस्थान निर्माण के अनुभव की जरूरत है, श्रीराम ठीक वही लेकर आए हैं। टेक्नोलॉजी, गवर्नेंस और बेहतर प्रदर्शन करने वाले संस्थानों के निर्माण की उनकी गहरी समझ हमारी अगली विकास यात्रा के लिए महत्वपूर्ण होगी।”
अय्यर ने कहा कि उन्हें फिनैबल में काफी संभावनाएं नजर आती हैं। उन्होंने कंपनी के विकास के दौरान टेक्नोलॉजी, अनुपालन, गवर्नेंस और जोखिम प्रबंधन को महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया।
उन्होंने कहा, “मुझे फिनैबल के भारत की शीर्ष पांच लाभदायक और बेहतर गवर्नेंस वाली NBFCs में शामिल होने की वास्तविक संभावना दिखाई देती है।” उन्होंने कहा कि कंपनी के विस्तार में संतुलित कर्मचारी नीतियां भी महत्वपूर्ण होंगी।
अय्यर ने ब्रिटेन केहेनली बिजनेस स्कूल से MBA किया है। वह योग्य कंपनी सेक्रेटरी, चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट और कॉस्ट अकाउंटेंट भी हैं। उन्होंने MIT, लंदन बिजनेस स्कूलऔर इनसीड सिंगापुर में कार्यकारी नेतृत्व कार्यक्रम भी किए हैं।
फिनैबल का लेंडिंग कारोबार
फिनैबल पूरे भारत में पर्सनल लोन, संपत्ति के बदले लोन और कंज्यूमर फाइनेंस उत्पाद उपलब्ध कराती है। नितिन गुप्ता और अमित कुमार अरोड़ा द्वारा स्थापित कंपनी ने बताया कि जून 2026 तक उसके एसेट अंडर मैनेजमेंट करीब 4,000 करोड़ रुपये थे।
कंपनी टेक्नोलॉजी-आधारित लेंडिंग प्रक्रियाओं और डेटा-आधारित अंडरराइटिंग पर ध्यान केंद्रित करती है। इसके साथ जोखिम नियंत्रण और अनुपालन तंत्र भी अपनाए जाते हैं।
अय्यर के बोर्ड में शामिल होने के बाद फिनैबल ने कहा कि लेंडिंग कारोबार का विस्तार जारी रखते हुए वह टेक्नोलॉजी, गवर्नेंस और संस्थागत विकास से जुड़ी अपनी क्षमताओं को और मजबूत करना चाहती है।
