कैथल शहर के आरकेएसडी कॉलेज में दो छात्राओं के बीच झगड़े का मामला सामने आया है। दोनों के बीच आपसी कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान किसी विद्यार्थी ने मोबाइल से घटना की वीडियो बना ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि घटना कॉलेज के टैगोर भवन के सामने की है।
जानकारी के अनुसार, टैगोर भवन के सामने दो छात्राओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों छात्राएं आपस में भिड़ गईं। झगड़े के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के बाल पकड़ लिए। एक छात्रा दूसरी के बाल पकड़कर उसे खींचती हुई दिखाई दे रही है।

आपस में दिख उलझती रहीं छात्राएं।
पढ़िए वीडियो में क्या दिखाई दे रहा है…
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो छात्राएं कॉलेज परिसर में झगड़ा कर रही हैं। झगड़ा होता देखकर पास खड़ी कुछ छात्राएं दोनों को अलग कराने के लिए पहुंचीं। इस दौरान कॉलेज परिसर में अन्य विद्यार्थियों की भीड़ जुटने लगी। वीडियो में कुछ विद्यार्थी खड़े होकर घटना को देखते हुए नजर आ रहे हैं। कई विद्यार्थियों को झगड़े की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचते हुए भी देखा जा सकता है।
कुछ देर तक हंगामा चलने के बाद अन्य छात्राओं ने दोनों को अलग कराया। इसके बाद मामले की जानकारी कॉलेज शिक्षकों को दी गई।
शिक्षकों ने दोनों छात्राओं को समझाया
सूचना मिलने पर शिक्षकों ने दोनों छात्राओं को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली। बातचीत में आपसी कहासुनी के बाद विवाद होने की बात सामने आई। शिक्षकों ने दोनों छात्राओं को समझाया और भविष्य में इस तरह झगड़ा नहीं करने की हिदायत दी। इसके बाद दोनों को अपनी-अपनी कक्षाओं में भेज दिया गया। हालांकि झगड़ा करने वाली छात्राएं किस क्लास की हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई।

इस दौरान अन्य छात्र खड़े होकर लड़ाई देखते दिखे।
प्रिंसिपल बोलीं- दोबारा झगड़ा हुआ तो कार्रवाई होगी
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. गगन मित्तल ने बताया कि मैनेजमेंट को छात्राओं के झगड़े की सूचना मिली थी। पूछताछ में सामने आया कि आपसी कहासुनी के कारण दोनों के बीच विवाद हुआ था। छात्राओं को समझाकर हिदायत दी गई है कि भविष्य में ऐसा दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा इस तरह की घटना होती है तो कॉलेज प्रबंधन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
