युवा सिर्फ भविष्य की उम्मीद नहीं, बल्कि आज के भारत के निर्माता भी

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की युवा शक्ति प्रदेश के विकास और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य को सही दिशा देना सरकार की प्राथमिकता है। भाजपा युवा मोर्चा केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मुख्यमंत्री सोमवार को पंचकूला स्थित पंचकमल प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री अक्षित दहिया के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने श्री अक्षित दहिया को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा प्रदेश के युवाओं के बीच संगठन की पहुंच को और मजबूत करेगा।

युवा केवल भविष्य नहीं, वर्तमान के निर्माता
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का युवा केवल भविष्य की उम्मीद नहीं, बल्कि वर्तमान के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं को स्टार्टअप, कौशल विकास, नई तकनीक, उद्यमिता और रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। हरियाणा के युवा खेल, शिक्षा, तकनीक, उद्योग, स्टार्टअप और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का निरंतर प्रयास है कि युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल सुविधाओं और स्वरोजगार के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। युवाओं की प्रतिभा को अवसर देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में प्रदेश को विकास के नए शिखर पर ले जाने की अपार क्षमता है। युवा शक्ति को संगठन की शक्ति और राष्ट्र निर्माण की शक्ति बनाकर ही विकसित हरियाणा और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

हर बूथ पर युवाओं से संवाद का आह्वान

मुख्यमंत्री ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे हर बूथ तक पहुंचकर युवाओं से संवाद करें और उन्हें राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक सोच से जोड़ें। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा को ऐसे युवाओं तक भी पहुंचना चाहिए, जो अभी राजनीति से दूर हैं। लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी देश और समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें और जरूरतमंद परिवारों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। नशे के खिलाफ जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, खेलों को बढ़ावा देना, डिजिटल माध्यमों पर सकारात्मक संवाद और सामाजिक सेवा जैसे विषयों को युवा मोर्चा अपने अभियानों का हिस्सा बनाए।

सेवा और संगठन भाजपा की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़ा रहता है। सेवा और संगठन भाजपा की कार्यसंस्कृति की पहचान हैं। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को अपनी पहचान केवल राजनीतिक गतिविधियों से नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से भी बनानी चाहिए। उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री अक्षित दहिया से कहा कि वे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लेते हुए अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ें और प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार युवाओं के सशक्तिकरण से जुड़े प्रत्येक सकारात्मक प्रयास में पूरी मजबूती के साथ सहयोग करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई भी पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है। पार्टी की कार्यसंस्कृति में पद का अर्थ है— अधिक सेवा, अधिक परिश्रम और अधिक जिम्मेदारी। उन्होंने कहा कि भाजपा की यही विशेषता है कि साधारण परिवार से आने वाला मेहनती कार्यकर्ता भी अपनी क्षमता, परिश्रम और समर्पण के बल पर संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंच सकता है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन श्री फणीन्द्रनाथ शर्मा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *