डायल-112 की गाड़ी मकान से टकराई, अंदर मिली शराब की बोतल; SHO ने पुलिसकर्मी को PCR में बैठाया

हरियाणा के कैथल में डायल 112 की गाड़ी एक मकान के गेट से टकरा गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गाड़ी में शराब की बोतल पड़ी थी। इसके बाद लोगों ने पुलिसकर्मियों के नशे में होने का आरोप लगाते हुए उन्हें घेर लिया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक युवक पुलिसकर्मी से पूछ रहा है कि “शराब पी है या नहीं?” इस पर पुलिसकर्मी जवाब देता है, “तो क्या हो गया।” सूचना मिलने पर सीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने डायल 112 के तीनों कर्मचारियों को धक्के मारकर PCR में बैठाया। रात को तीनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया गया। वहीं, एक व्यक्ति ने तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ थाने में शिकायत भी दी है।

SP मनप्रीत सिंह ने बताया कि अभी मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट के तथ्यों के आधार पर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। तीनों को ऑफिस में तलब किया गया है।

गेट से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त डायल 112 की गाड़ी।

गेट से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त डायल 112 की गाड़ी।

अब जानिए युवक ने क्या बताय….

टक्कर के बाद गाड़ी का टायर फटा

कुलदीप सिंह चीमा ने सीवन थाने में शिकायत देकर बताया कि 24 अगस्त की रात करीब 9 बजे डायल 112 की गाड़ी तेज रफ्तार में उनके मकान के गेट से टकरा गई। जब वह बाहर आए तो उन्होंने देखा कि गाड़ी में मौजूद तीनों कर्मचारी शराब के नशे में थे। टक्कर के बाद गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसका टायर भी फट गया।

तीन पुलिसकर्मी सवार थे, लोगों ने पकड़े

कुलदीप ने बताया कि गाड़ी में SPO जागीर सिंह, SPO सुखविंद्र और EHC दीपक मौजूद थे। ड्राइवर ने मौके से गाड़ी को आगे ले जाने का प्रयास किया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस की गाड़ी में शराब की बोतल भी देखी।

पुलिसकर्मी बोला- गलती हो गई

घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में एक युवक पुलिसकर्मी से शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर सवाल करता नजर आ रहा है। इस पर एक कर्मचारी कहता है, “पी रखी थी तो कोई बात नहीं, हमसे गलती हो गई।” इस पर लोग कहते हैं कि आप डायल 112 की इमरजेंसी सेवा में तैनात हैं। अगर किसी को आपकी जरूरत पड़ती तो आप मौके पर कैसे पहुंचते?

रात को सीवन थाना में पहुंचे लोग।

रात को सीवन थाना में पहुंचे लोग।

SHO बोले- मेडिकल रिपोर्ट पर कार्रवाई होगी

रात को सीवन थाना प्रभारी जयभगवान और एडिशनल SHO रामपाल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। तीनों कर्मचारियों की मेडिकल जांच कराई गई है, जिसकी रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *