पंजाब कांग्रेस में फिर घमासान, राजा वड़िंग ने पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा को भेजा मानहानि नोटिस

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा को कानूनी मानहानि नोटिस भेजा है। वड़िंग ने आरोप लगाया है कि मुस्तफा ने हाल ही में एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में उनके खिलाफ झूठे, अपमानजनक और दुर्भावनापूर्ण बयान दिए, जिससे उनकी राजनीतिक और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। 

मोहम्मद मुस्तफा, पूर्व पंजाब DGP होने के साथ कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना के पति हैं। वह पिछले कुछ समय से पंजाब कांग्रेस के संगठन और नेतृत्व को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। मुस्तफा ने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस हाईकमान से राजा वड़िंग को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग भी की थी। 

48 घंटे में माफी की मांग

कानूनी नोटिस में राजा वड़िंग ने मुस्तफा से कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को तुरंत वापस लेने और बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने को कहा है। इसके साथ ही संबंधित इंटरव्यू और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहे वीडियो क्लिप या पोस्ट हटाने की मांग भी की गई है।

नोटिस के मुताबिक, मुस्तफा को नोटिस प्राप्त होने के 48 घंटे के भीतर अनुपालन करने और लिखित रूप से इसकी पुष्टि करने को कहा गया है। ऐसा नहीं होने पर वड़िंग ने आगे कानूनी कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी है। 

मुस्तफा का पलटवार

वहीं, मुस्तफा ने कानूनी नोटिस मिलने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि वह अपने दिए गए बयान पर कायम हैं और उन्होंने वड़िंग के नेतृत्व को लेकर जो टिप्पणी की थी, उससे पीछे हटने का संकेत नहीं दिया। 

मुस्तफा पहले भी राहुल गांधी को लिखे एक खुले पत्र में पंजाब कांग्रेस नेतृत्व में बदलाव की मांग कर चुके हैं। उन्होंने वड़िंग के नेतृत्व और संगठन चलाने के तरीके पर सवाल उठाते हुए हाईकमान से निर्णायक कदम उठाने की अपील की थी। 

2027 चुनाव से पहले बढ़ी मुश्किलें

पंजाब कांग्रेस में यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। प्रदेश कांग्रेस में पहले से ही नेतृत्व और टिकट वितरण को लेकर अलग-अलग नेताओं के बीच मतभेद सामने आते रहे हैं। हाल में सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी वड़िंग की ‘एक परिवार, एक टिकट’ नीति पर सार्वजनिक रूप से अलग रुख अपनाया था। 

ऐसे में राजा वड़िंग और मोहम्मद मुस्तफा के बीच कानूनी विवाद ने पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब नजर इस बात पर है कि मुस्तफा नोटिस का क्या जवाब देते हैं और क्या यह विवाद आगे कानूनी लड़ाई का रूप लेता है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *