शहीदों के आदर्शों को अपना आधार बनाकर आगे बढ़ रहा पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान

हुसैनीवाला(गुरप्रीत सिंह):पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के जीवन, विचारों और बलिदान से प्रेरणा लेकर काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य एक स्वतंत्र, प्रगतिशील और खुशहाल पंजाब का निर्माण करना है।

हुसैनीवाला में शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह के सपनों को साकार करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शहीदों की विरासत को संरक्षित करने और हुसैनीवाला को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 24.99 करोड़ रुपये की लागत से हेरिटेज कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। हुसैनीवाला की धरती देशवासियों के लिए पवित्र है और यह स्थल युवाओं को देश की सेवा के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शहीद भगत सिंह के विचारों और आदर्शों को अपनाकर देश को प्रगतिशील और खुशहाल बनाने में योगदान दें।

हुसैनीवाला हेरिटेज कॉम्प्लेक्स में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

भगवंत मान ने बताया कि हेरिटेज कॉम्प्लेक्स का काम शुरू हो चुका है। इसमें भव्य प्रवेश द्वार, शहीदों के जीवन को समर्पित हेरिटेज कॉरिडोर, वॉल म्यूरल, पार्क और स्मारक क्षेत्र शामिल होंगे।

इसके अलावा पुराने पुल पर 3D मैपिंग शो और म्यूजिकल फाउंटेन की व्यवस्था की जाएगी। कॉम्प्लेक्स में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, बुजुर्गों के लिए आराम की जगह, सोलर पावर प्लांट और साफ पेयजल के लिए आरओ प्लांट भी बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से शहीदों की विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ हुसैनीवाला में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *